मैंने मुक्त होने के लिए ‘पत्रकारिता का दोषी’ होने की बात कबूल की: जूलियन असांजे

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 01 Oct 2024 08:25 PM
मैंने मुक्त होने के लिए ‘पत्रकारिता का दोषी’ होने की बात कबूल की: जूलियन असांजे
ऑडियो सुनें

नीस. विकीलीक्स के संस्थापक जूलियन असांजे ने मंगलवार को कहा कि उन्हें वर्षों की कैद के बाद रिहा किया गया, क्योंकि उन्होंने ”पत्रकारिता का दोषी” होने की बात कबूल कर ली. असांजे ने फ्रांस के स्ट्रासबर्ग में ‘पार्लियामेंट्री असेंबली ऑफ द काउन्सिल ऑफ यूरोप’ की कानूनी मामलों और मानवाधिकार समिति के समक्ष अपनी हिरासत और दोषसिद्धि के प्रभाव के बारे में साक्ष्य दिया. इस ‘पार्लियामेंट्री असेंबली’ में 46 यूरोपीय देशों के सांसद शामिल हैं.

असांजे को ब्रिटेन की जेल में पांच साल बिताने के बाद जून में रिहा किया गया था. उन्होंने अमेरिकी न्याय विभाग के अभियोजकों के साथ एक समझौते में अमेरिकी सेना से जुड़ी गोपनीय जानकारी हासिल करने और प्रकाशित करने का दोष स्वीकार किया था.
जेल जाने से पहले वह लंदन स्थित इक्वाडोर के दूतावास में सात वर्ष स्व-निर्वासन में रहे थे, जहां उन्होंने राजनीतिक उत्पीड़न के आधार पर शरण मांगी थी.

जेल से छूटने के बाद अपनी पहली सार्वजनिक टिप्पणी में असांजे ने कहा, ”मैं आज इसलिए रिहा नहीं हूं, क्योंकि व्यवस्था (सिस्टम) ने अपना काम किया.” उन्होंने कहा, ”वर्षों की कैद के बाद मैं आज इसलिए मुक्त हूं, क्योंकि मैंने पत्रकारिता का दोषी होने की बात कबूल की है.” उन्होंने कहा, ”मैंने एक स्रोत से सूचना मांगने का अपराध स्वीकार किया है. मैंने एक स्रोत से सूचना हासिल करने का जुर्म कबूल किया है. मैंने लोगों तक वह सूचना पहुंचाने का दोष स्वीकारा है.” फ्रांस के स्ट्रासबर्ग में यूरोपीय परिषद (काउन्सिल ऑफ यूरोप) को संबोधित करते हुए असांजे ने कहा, ”वर्षों तक अधिकतम सुरक्षा वाली जेल में बंद रहने से लेकर यूरोपीय सांसदों को संबोधित करने तक का यह बदलाव एक ”गहन और सपने जैसा बदलाव” लग रहा है.” इस दौरान असांजे ने एक छोटी से जेल की कोठरी में बिताए अपने अनुभव को भी साझा किया.

उन्होंने कहा, ”यह व्यक्ति के आत्मबोध को छीन लेता है और केवल अस्तित्व का कच्चा सार ही बचता है.” उन्होंने कहा कि अगर उनकी ”बातों और प्रस्तुति” से किसी को ठेस पहुंचती है तो वह माफी मांगते हैं. इस दौरान उनकी आवाज भर्रा गई. असांजे ने कहा, ”मैं अब तक पूरी तरह से इस बारे में बोलने के लिए तैयार नहीं हूं कि मैंने क्या सहा है. मैंने जीवित रहने के लिए शारीरिक और मानसिक दोनों रूप से अथक संघर्ष किया है.”

ऑस्ट्रेलियाई इंटरनेट प्रकाशक पर युद्ध से संबंधित हजारों दस्तावेज और राजनयिकों एवं राजनयिक मिशन के बीच आदान-प्रदान किए गए गोपनीय लिखित संदेश को प्राप्त करने तथा उन्हें प्रकाशित करने का आरोप लगाया गया था. इन गोपनीय सूचनाओं में इराक और अफगानिस्तान में अमेरिकी सेना से संबंधित उन गोपनीय जानकारी का विवरण शामिल था, जिसमें सेना के गलत कृत्यों का खुलासा किया गया था.

प्रेस स्वतंत्रता के समर्थकों ने उनकी गतिविधियों और सैन्य आचरण को प्रकाश में लाने में उनकी भूमिका की सराहना की, जो अन्यथा छिपा हुआ हो सकता था. विकीलीक्स द्वारा प्रकाशित इन फाइलों में बगदाद में 2007 में अमेरिकी सेना के हमले का शिकार हुए अपाचे हेलीकॉप्टर का एक वीडियो भी शामिल था, जिसमें ब्रिटिश समाचार एजेंसी ‘रॉयटर्स’ के दो पत्रकारों सहित 11 लोग मारे गए थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu