यह लड़ाई अन्याय और दुष्टों के खिलाफ है, भाजपा को सत्ता से हटाना है : प्रियंका गांधी

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Wed, 02 Oct 2024 05:30 PM
यह लड़ाई अन्याय और दुष्टों के खिलाफ है, भाजपा को सत्ता से हटाना है : प्रियंका गांधी
ऑडियो सुनें

चंडीगढ़: कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाद्रा ने बुधवार को हरियाणा के लोगों से पांच अक्टूबर को होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से बेदखल करने का आह्वान किया और कहा कि यह ‘‘दुष्टों, अन्याय और असत्य’’ के खिलाफ लड़ाई है।

प्रियंका ने हरियाणा के जुलाना में अपनी पार्टी की उम्मीदवार और ओलंपिक पहलवान विनेश फोगाट के पक्ष में प्रचार करने के दौरान एक रैली को संबोधित किया। रोजगार, अग्निवीर सैन्य भर्ती योजना और किसानों के कल्याण सहित अन्य मुद्दों को लेकर राज्य की भाजपा नीत सरकार पर हमला करते हुए प्रियंका गांधी ने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ पार्टी ने हर स्तर पर लोगों को ‘‘धोखा’’ दिया है।

उन्होंने कहा, ‘‘कुरुक्षेत्र की लड़ाई और ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ लड़ाई जैसा मौका फिर आ गया है। आज ये आपकी लड़ाई है, जो अन्याय, असत्य और दुष्टों के खिलाफ है। आपको खड़ा होना होगा, अपने अंदर झांकना होगा और देखना होगा कि क्या हो रहा है।’’

कांग्रेस महासचिव ने आरोप लगाया कि नरेन्द्र मोदी सरकार केवल मुट्ठी भर उद्योगपतियों के लाभ के लिए काम करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार रोजगार के अवसर पैदा करने में असमर्थ है, क्योंकि इसने ‘‘सब कुछ अंबानी और अदाणी को दे दिया है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘सभी बंदरगाह, भूमि, उद्योग, हवाई अड्डे बड़े उद्योगपतियों को दे दिए गए हैं।’’ कांग्रेस नेता ने कहा कि आज छोटे व्यवसायों और कृषि क्षेत्र से रोजगार के कोई अवसर पैदा नहीं हो सकते। उन्होंने दावा किया, ‘‘यह (भाजपा सरकार) रोजगार देने का काम नहीं कर सकती, क्योंकि इसकी नीतियां इसके (रोजगार सृजन) खिलाफ हैं।’’

अग्निपथ योजना का जिक्र करते हुए प्रियंका ने कहा कि अग्निवीरों को कोई पेंशन नहीं मिलेगी और चार साल की सेवा के बाद उन्हें फिर से रोजगार की तलाश करनी होगी। उन्होंने कहा, ‘‘ये वो है, जो मोदीजी ने आपको दिया है।’’

प्रियंका गांधी ने ‘परिवार पहचान पत्र’ योजना को लेकर भी भाजपा सरकार की आलोचना की और कहा कि इससे लोगों को कई मुश्किलें हुई हैं। उन्होंने कहा, ‘‘आपको 10 साल तक गुमराह किया गया। आप 10 साल से किसानों, जवानों, पहलवानों और महिलाओं के साथ अन्याय देख रहे हैं।’’

अब निरस्त हो चुके तीन कृषि कानूनों का जिक्र करते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि कृषक समुदाय के साथ अन्याय हुआ। उन्होंने कहा, ‘‘मोदी ने दिल्ली की सीमाओं पर बैठे प्रदर्शनकारी किसानों से मिलने के लिए पांच मिनट भी बाहर आने की जहमत नहीं उठाई।’’

प्रियंका गांधी ने आरोप लगाया, ‘‘वह (मोदी) ऐसे कृषि कानून लाने जा रहे थे, जिनका आप पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता। वह जानते थे कि उन कृषि कानूनों से केवल बड़े उद्योगपतियों को ही फायदा होगा। किसानों को कोई फायदा नहीं होता। आपने कई महीनों तक संघर्ष किया और आपको पीटा गया, 750 किसानों की जान चली गई। उन्होंने उत्तर प्रदेश के चुनाव आने पर ही नरमी दिखाई।

24 फसलों पर एमएसपी देने के भाजपा सरकार के दावे पर चुटकी लेते हुए उन्होंने कहा कि उनमें से 10 तो हरियाणा में उगाई ही नहीं जातीं। गांधी ने कहा, ‘‘वे किसे बेवकूफ बना रहे हैं? पूरा देश देख रहा है।’’ उन्होंने लोगों से अपील की, ‘‘इस सरकार को बदलो। भाजपा को उखाड़ फेंको।’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav