द्वितीय विश्व युद्ध के समय का अमेरिकी बम जापानी हवाई अड्डे पर फटा, 80 उड़ानें रद्द

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 02 Oct 2024 07:12 PM
द्वितीय विश्व युद्ध के समय का अमेरिकी बम जापानी हवाई अड्डे पर फटा, 80 उड़ानें रद्द
ऑडियो सुनें

तोक्यो. द्वितीय विश्व युद्ध के समय का एक अमेरिकी बम एक जापानी हवाई अड्डे पर दफन था, लेकिन बुधवार को उसमें विस्फोट हो गया, जिससे ‘टैक्सीवे’ में बड़ा गड्ढा हो गया और 80 से अधिक उड़ानें रद्द करनी पड़ीं. हालांकि किसी के हताहत होने की खबर नहीं है. जापानी अधिकारियों ने यह जानकारी दी.

भूमि एवं परिवहन मंत्रालय के अधिकारियों ने बताया कि दक्षिण-पश्चिमी जापान के मियाज़ाकी हवाई अड्डे पर जब बम विस्फोट हुआ, तब वहां कोई विमान नहीं था. अधिकारियों ने बताया कि आत्मरक्षा बलों और पुलिस द्वारा की गई जांच से पुष्टि हुई है कि विस्फोट 500 पाउंड के अमेरिकी बम से हुआ था और अब कोई खतरा नहीं है. वे यह पता लगा रहे हैं कि अचानक विस्फोट किस वजह से हुआ.
पास के एक एविएशन स्कूल द्वारा रिकॉर्ड किए गए वीडियो में विस्फोट से डामर के टुकड़े हवा में फव्वारे की तरह उछलते हुए दिखाई दिए. जापानी टेलीविज़न पर प्रसारित वीडियो में ‘टैक्सीवे’ में एक गहरा गड्ढा दिखाई दिया.

मुख्य कैबिनेट सचिव योशिमासा हयाशी ने कहा कि हवाई अड्डे पर 80 से अधिक उड़ानें रद्द कर दी गई हैं तथा उम्मीद है कि बृहस्पतिवार सुबह तक परिचालन फिर से शुरू हो जाएगा. रक्षा मंत्रालय के अधिकारियों ने बताया कि इस क्षेत्र में द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान अमेरिकी सेना द्वारा गिराए गए कई बम बरामद हुए हैं, जो नहीं फटे हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu