इजराइली हवाई हमले से मध्य बेरूत में नौ लोगों की मौत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 03 Oct 2024 10:38 PM
इजराइली हवाई हमले से मध्य बेरूत में नौ लोगों की मौत
ऑडियो सुनें

बेरूत. इजराइल ने बुधवार देर रात मध्य बेरूत की एक इमारत को निशाना बनाकर हवाई हमला किया, जिससे नौ लोगों की मौत हो गई. इन लोगों को हिजबुल्ला का सदस्य बताया गया है. इजराइल सितंबर के अंत से ही लेबनान के उन क्षेत्रों पर बमबारी कर रहा है जहां उग्रवादी समूह हिजबुल्ला की मजबूत उपस्थिति है, लेकिन राजधानी बेरूत के मध्य क्षेत्र को शायद ही कभी निशाना बनाया गया हो.
बुधवार देर रात हुए हमले से पहले कोई चेतावनी नहीं दी गई थी, जिसमें मध्य बेरूत में एक इमारत को निशाना बनाया गया. यह इमारत संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय, प्रधानमंत्री कार्यालय और संसद से ज्यादा दूर नहीं है. वहीं, हिजबुल्ला की नागरिक सुरक्षा इकाई ने कहा कि उसके सात सदस्य मारे गये हैं.

यह हमला दक्षिणी लेबनान में हिजबुल्ला के साथ झड़प में कम से कम आठ इजराइली सैनिकों के मारे जाने के बाद हुआ है. बेरूत में हमले के बाद निवासियों ने सल्फर जैसी गंध की शिकायत की जबकि लेबनान की सरकारी राष्ट्रीय समाचार एजेंसी ने बिना कोई सबूत दिए इजराइल पर फॉस्फोरस बम का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया. वहीं, इजराइल की सेना ने बृहस्पतिवार को दक्षिणी लेबनान के कस्बों और गांवों के लोगों से जगह खाली करने की चेतावनी दी. यह क्षेत्र 2006 के युद्ध के बाद संयुक्त राष्ट्र द्वारा घोषित ‘बफर जोन’ के उत्तर में स्थित है.

इस चेतावनी से दक्षिणी लेबनान में इजराइल की सैन्य कार्रवाई के संभावित विस्तार का संकेत मिलता है, जो अब तक सीमावर्ती क्षेत्रों तक ही सीमित थी. इजराइल ने लोगों से प्रांतीय राजधानी नबातियेह से चले जाने को कहा. साथ ही उसने लिटानी नदी के उत्तर में रह रहे अन्य समुदायों को भी जगह छोड़ने को कहा है. उधर, लेबनान के रेड क्रॉस का कहना है कि दक्षिण से घायल लोगों को निकालने के दौरान हुए इजराइली हमले में उसके चार स्वास्थ्यकर्मी घायल हो गए और लेबनानी सेना के एक जवान की मौत हो गई.

इसने कहा कि तैबेह गांव के पास टीम को बृहस्पतिवार को निशाना बनाया गया, जिसमें लेबनानी सैनिक भी शामिल थे. इसने दावा किया कि संयुक्त राष्ट्र शांति सैनिकों के समन्वय के साथ चलाए गए अभियान के बावजूद हमला हुआ. हालांकि, इजराइल की सेना ने इस मामले में तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की है. लेबनानी सेना ने बताया कि दक्षिणी कस्बे बिन्त जेबील में एक सैन्य चौकी पर इजराइल द्वारा की गई गोलीबारी में एक लेबनानी सैनिक की मौत हो गई.

इजराइली सेना ने बृहस्पतिवार को कहा कि उसने लेबनान में हिजबुल्ला के लगभग 200 ठिकानों पर हमला किया है, जिसमें हथियार भंडारण सुविधाएं और निगरानी चौकियां शामिल हैं. इसने कहा कि हमलों में हिजबुल्ला के कम से कम 15 लड़ाके मारे गए. हिजबुल्ला ने कहा कि जब इजराइली सेना लेबनान के सीमावर्ती गांव मारून अल-रास में घुसी तो उसके लड़ाकों ने सड़क किनारे बम विस्फोट किया, जिसमें कई सैनिक मारे गए और घायल हुए. दोनों पक्षों द्वारा किए गए दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की जा सकी है. इस बीच, विश्व स्वास्थ्य संगठन का कहना है कि पिछले दिनों लेबनान में 28 स्वास्थ्यकर्मी मारे गए हैं और उसने युद्ध विराम का आह्वान किया है.

डब्ल्यूएचओ प्रमुख टेड्रोस अदानोम घेब्रेयसुस ने हताहतों के उपचार में गंभीर स्थिति का वर्णन किया, जिसमें दक्षिणी लेबनान में तीन दर्जन स्वास्थ्य केंद्र बंद कर दिए गए हैं और बेरूत में पांच अस्पतालों को आंशिक रूप से या पूरी तरह से खाली करा दिया गया है.
अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह यह अपेक्षा नहीं करते कि इजराइल ईरान के खिलाफ तुरंत जवाबी कार्रवाई करेगा और उन्होंने उन अटकलों को खारिज कर दिया कि अमेरिका इस तरह के हमले की अनुमति देगा.

ईरान द्वारा इजराइल पर लगभग 200 बैलिस्टिक मिसाइल दागने के दो दिन बाद बाइडन ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान ये बात कही. बाइडन ने कहा, ”सबसे पहली बात ये है कि हम इजराइल को अनुमति नहीं देते, हम इजराइल को सलाह देते हैं और आज कुछ भी नहीं होने वाला है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu