उत्तराखंड: रुद्रनाथ ट्रेक से दिल्ली का श्रद्धालु लापता, खोजबीन जारी

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Fri, 04 Oct 2024 03:32 PM
उत्तराखंड: रुद्रनाथ ट्रेक से दिल्ली का श्रद्धालु लापता, खोजबीन जारी
ऑडियो सुनें

उत्तराखंड: रुद्रनाथ ट्रेक से दिल्ली का श्रद्धालु लापता, खोजबीन जारी गोपेश्वर, चार अक्टूबर (भाषा) उत्तराखंड के चमोली जिले में रुद्रनाथ मंदिर के दर्शन कर पैदल मार्ग से लौटते समय दिल्ली का एक श्रद्धालु लापता हो गया।

चमोली के जिला अधिकारी संदीप तिवारी ने शुक्रवार को यहां संवाददाताओं को बताया कि दिल्ली से रुद्रनाथ की यात्रा पर आए एक दल में शामिल आकाश गुप्ता बृहस्पतिवार देर शाम भगवान रुद्रनाथ के दर्शन कर पैदल मार्ग से गोपेश्वर वापस लौटते समय पुंग पड़ाव के आसपास लापता हो गया।

उन्होंने बताया कि दल में 40 से अधिक श्रद्धालु थे और गुप्ता के अलावा अन्य सभी बृहस्पतिवार को पैदल मार्ग से सुरक्षित वापस आ गए। तिवारी ने बताया कि स्थानीय प्रशासन और वन विभाग के साथ ही राज्य आपदा प्रतिवादन बल की टीमें लापता श्रद्धालु की खोजबीन में जुट गई हैं।

रुद्रनाथ मंदिर के लिए लगभग बीस किलोमीटर पैदल जाना पड़ता है जहां हर साल देश-विदेश से सैकड़ों यात्री भगवान शिव के दर्शन के लिए आते हैं। सागर गांव और अनुसूया गेट से कठिन और खड़ी पैदल चढ़ाई और घने जंगलों तथा बुग्यालों से होकर यह रास्ता गुजरता है। यात्रियों के दल से बिछड़ने की घटनाएं यहां होती रहती हैं।

जिलाधिकारी ने बताया कि इस दल ने सागर गांव से अपनी चढ़ाई शुरू की थी। रुद्रनाथ मंदिर उत्तराखंड में पंचकेदार श्रृंखला के सबसे दुर्गम मंदिरों में एक है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav