‘उड़ान’ ने देश के विमानन क्षेत्र को बदल कर रख दिया है: प्रधानमंत्री मोदी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 21 Oct 2024 10:04 PM
‘उड़ान’ ने देश के विमानन क्षेत्र को बदल कर रख दिया है: प्रधानमंत्री मोदी
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को कहा कि उड़ान (उड़े देश का आम नागरिक) पहल ने भारत के विमानन क्षेत्र को बदल कर रख दिया है और आने वाले वर्षों में उनकी सरकार इसे और मजबूत करेगी तथा लोगों को और भी बेहतर संपर्क सुविधा मुहैया कराने पर ध्यान केंद्रित करेगी.

भारत में बुनियादी ढांचे और संपर्क को बेहतर बनाने के लिए क्षेत्रीय संपर्क योजना (आरसीएस) उड़ान पहल को आरंभ किए आठ साल पूरे हो गए. खासकर दूरदराज और कम सेवा वाले क्षेत्रों में आरंभ की गई यह पहल भारत की राष्ट्रीय नागर विमानन नीति (एनसीएपी) 2016 का एक महत्वपूर्ण घटक है. केन्द्रीय नागर विमानन मंत्रालय (एमओसीए) ने 21 अक्टूबर, 2016 को 10 वर्ष के दृष्टिकोण के साथ इसकी शुरुआत की थी.

मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”आज, हम उड़ान के 8 वर्ष पूरे कर रहे हैं. एक ऐसी पहल, जिसने भारत के विमानन क्षेत्र को बदल दिया है. हवाई अड्डों की संख्या में वृद्धि से लेकर अधिक हवाई मार्गों तक, इस योजना ने करोड़ों लोगों को उड़ान तक पहुंच सुनिश्चित की है.” उन्होंने कहा, ”साथ ही, व्यापार और वाणिज्य को बढ़ावा देने और क्षेत्रीय विकास को आगे बढ़ाने पर इसका बड़ा प्रभाव पड़ा है. आने वाले समय में, हम विमानन क्षेत्र को मजबूत करते रहेंगे और लोगों के लिए और भी बेहतर कनेक्टिविटी और आराम पर ध्यान केंद्रित करेंगे.” भाषा

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu