अटलनगर नवा रायपुर में 4 से 6 नवंबर तक होगा राज्योत्सव का आयोजन

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 24 Oct 2024 09:16 PM
अटलनगर नवा रायपुर में 4 से 6 नवंबर तक होगा राज्योत्सव का आयोजन
ऑडियो सुनें

रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज अपने निवास कार्यालय में राज्योत्सव 2024 की तैयारियों की समीक्षा की. नया रायपुर स्थित राज्योत्सव स्थल पर 4 से 6 नवंबर तक राज्योत्सव का आयोजन किया जा रहा है.

मुख्यमंत्री की अपील : प्रदेशवासी राज्योत्सव के अवसर पर अपने घरों में दीप प्रज्ज्वलित कर दीपोत्सव के साथ राज्योत्सव मनाएं

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों से राज्योत्सव के अवसर पर 1 नवंबर को अपने -अपने घरों में दीप प्रज्ज्वलित कर दीपोत्सव के साथ राज्योत्सव उत्सव मनाने की अपील की है. राज्योत्सव के अवसर पर नवा रायपुर, अटलनगर में 10 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे. मुख्यमंत्री ने सभी शहरों और गांव में नागरिकों से 1 नवंबर की शाम को अपने-अपने घरों में दीप प्रज्ज्वलित करने की अपील की है.

आम जनता के लिए राज्योत्सव स्थल तक आने जाने के लिए बस की सुविधा उपलब्ध रहेगी

नया रायपुर के राज्योत्सव स्थल तक आने जाने के लिए आम जनता को परिवहन की सुविधा रियायती दर पर उपलब्ध कराई जाएगी. राज्योत्सव के दौरान आयोजन स्थल पर प्रत्येक दिन शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे .

संस्कृति संध्या में वॉलीवुड सिंगर शान, नीति मोहन, इंडियन आइडल विजेता पवनदीप और अरुनिदिता होंगे आकर्षण का केंद्र

सांस्कृतिक संध्या में 4 नवंबर को बॉलीवुड सिंगर शांतनु मुखर्जी (शान) का कार्यक्रम आयोजित किया गया है. 5 नवंबर को बॉलीवुड सिंगर नीति मोहन का कार्यक्रम होगा. 6 नवंबर की शाम को इंडियन आइडल विजेता पवनदीप और अरुनिदिता का कार्यक्रम मुख्य आकर्षण का केंद्र होगा.

6 नवंबर को राज्य अलंकरण समारोह

राज्योत्सव के आखिरी दिन 6 नवंबर को राज्य अलंकरण समारोह का आयोजन किया जाएगा जिसमें विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को राज्य अलंकरण से सम्मानित किया जाएगा.

विकास प्रदर्शनी प्रमुख योजनाओं को प्रदर्शित किया जाएगा

राज्योत्सव स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा प्रमुख विभागीय योजनाओं पर केंद्रित प्रदर्शनी लगाई जाएगी. निजी संस्थानों और पीएसयू संस्थानों के लिए भी हैंगर बनाया जाएगा. कृषि और जल संसाधन विभाग द्वारा भी प्रदर्शनी लगाई जाएगी. प्रदर्शनी में विभागों की नई योजनाएं प्रमुखता से प्रदर्शित की जाएगी.

शिल्पग्राम, फूड कोर्ट, फैन पार्क होंगे आकर्षण का केंद्र

राज्योत्सव आयोजन स्थल पर शिल्पग्राम, फूड कोर्ट भी बनाया जाएगा. यहां ट्राइबल फूड भी उपलब्ध होगा. बच्चों के लिए फन पार्क भी बनाया जाएगा जहां विभिन्न झूले होंगे.

बैठक में मुख्यमंत्री के कृषि एवं नीति सलाहकार धीरेन्द्र तिवारी, मुख्य सचिव अमिताभ जैन, मुख्यमंत्री के सचिव पी.दयानंद और राहुल भगत, संस्कृति विभाग के सचिव अन्बलगन पी. संचालक विवेक आचार्य सहित वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu