आईपीएस अधिकारियों को धमका रहे हैं जगन, सरकार करेगी कार्रवाई : पवन कल्याण

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 10 Nov 2024 10:29 PM
आईपीएस अधिकारियों को धमका रहे हैं जगन, सरकार करेगी कार्रवाई : पवन कल्याण
ऑडियो सुनें

गुंटूर. आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण ने रविवार को आरोप लगाया कि वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के प्रमुख वाई एस जगन मोहन रेड्डी ”आईपीएस अधिकारियों को धमका रहे हैं.”उन्होंने साथ ही चेतावनी दी कि अगर पुलिस अधिकारियों को कोई नुकसान पहुंचता है तो राज्य सरकार कार्रवाई करेगी.

उपमुख्यमंत्री की यह टिप्पणी जगन रेड्डी के हालिया बयान के बाद आई है, जिसमें उन्होंने चेतावनी दी थी कि भविष्य में वाईएसआर कांग्रेस पार्टी की सरकार आई तो पार्टी के सदस्यों को कथित रूप से परेशान करने वाले पुलिस अधिकारियों को नहीं बख्शेगी. कल्याण ने वन विभाग के एक कार्यक्रम से इतर संवाददाताओं से कहा, ” पूर्व मुख्यमंत्री (जगन) पुलिस अधिकारियों को धमका रहे हैं… मैं कह रहा हूं, अगर कोई भी अधिकारियों को ऐसी धमकियां देता है और अगर उन्हें खरोंच भी आती है, तो इसके लिए आप (जगन) जिम्मेदार होंगे.” उपमुख्यमंत्री ने कहा कि रेड्डी की धमकियों से कोई भी अधिकारी नहीं डरेगा. उन्होंने कहा कि युवजन श्रमिक रायथू कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) के प्रमुख भले ही पूर्व मुख्यमंत्री हों, लेकिन फिर भी उन पर जिम्मेदारी है.

कल्याण ने कहा कि जगन भी एक विधायक हैं और साथ ही दावा किया कि तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा), भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और जनसेना के गठबंधन वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार एक ‘अच्छी सरकार’ है, न कि एक अक्षम सरकार.
जनसेना प्रमुख ने आश्वासन दिया कि यदि आंध्र प्रदेश कांग्रेस समिति (एपीसीसी) की अध्यक्ष वाई एस र्शिमला सुरक्षा के लिए आवेदन करती हैं, तो सरकार उनके खिलाफ खतरों का आकलन करेगी और तदनुसार सुरक्षा प्रदान करेगी.

इसके अतिरिक्त, उन्होंने सुझाव दिया कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए जम्मू-कश्मीर के पुंछ सेक्टर की तरह राज्य में भी पड़ोस रक्षा समितियां स्थापित की जानी चाहिए. उन्होंने कहा, ”पड़ोस रक्षा समितियां होनी चाहिए और मैं इस बारे में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से चर्चा करूंगा.” कल्याण ने बाद में ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि ‘कर्म’ अंतत? फल देता है, साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि रचनात्मक आलोचना स्वस्थ है, लेकिन गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी या दुष्कर्म की धमकी देना नहीं.

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि परिवारों और व्यक्तियों को निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए. जातिगत गाली-गलौज, किसी की आस्था, उनके देवी-देवताओं या असहाय और दीन-दुखी लोगों पर हमला नहीं होना चाहिए. कल्याण ने कहा, ”बाहुबल, धनबल और आपराधिक गिरोह कभी भी भारत के आम नागरिक को डरा नहीं पाएंगे. इसलिए पिछली सरकार (वाईएसआरसीपी) के सभी आपराधिक गिरोहों और सोशल मीडिया पर गाली देने वालों से मेरा अनुरोध है: गाली देने से पहले 100 बार सोचें. कर्म का फल मिलेगा.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu