मेरी सरकार गिराने के लिए कांग्रेस के 50 विधायकों को 50-50 करोड़ रुपये की पेशकश की गई : सिद्धरमैया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 13 Nov 2024 09:59 PM
मेरी सरकार गिराने के लिए कांग्रेस के 50 विधायकों को 50-50 करोड़ रुपये की पेशकश की गई : सिद्धरमैया
ऑडियो सुनें

मैसुरु. कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने बुधवार को दावा किया कि विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उनकी सरकार को गिराने के लिए कांग्रेस के 50 विधायकों को 50-50 करोड़ रुपये की पेशकश की थी. उन्होंने कहा कि कांग्रेस के किसी विधायक ने यह पेशकश स्वीकार नहीं की जिसकी वजह से भाजपा अब उनके खिलाफ झूठे मामले दर्ज करा रही है.

मुख्यमंत्री ने कहा, ”सिद्धरमैया सरकार को किसी तरह से उखाड़ फेंकने के लिए उन्होंने (भाजपा ने) 50 विधायकों को 50-50 करोड़ रुपये की पेशकश की. उनके पास इतना पैसा कहां से आया? क्या पूर्व मुख्यमंत्रियों बी. एस. येदियुरप्पा, बसवराज बोम्मई, विपक्ष के नेता आर अशोक, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बी वाई विजयेंद्र ने नोट छापे?” उन्होंने यह आरोप मैसुरु जिले के टी नरसीपुरा विधानसभा क्षेत्र में 470 करोड़ रुपये के परियोजनाओं का उद्घाटन करने के बाद लगाए. सिद्धरमैया ने कहा कि यह सब ‘रिश्वत का पैसा’ था.

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया, ”उन्होंने करोड़ों रुपये कमाए हैं. इस पैसे का इस्तेमाल करते हुए उन्होंने प्रत्येक विधायक को 50 करोड़ रुपये की पेशकश की.” सिद्धरमैया ने कहा, ”लेकिन इस पेशकश को हमारे किसी भी विधायक ने स्वीकार नहीं किया. इसलिए उन्होंने किसी भी तरह इस सरकार को हटाने के लिए अभियान शुरू कर दिया है. इसीलिए वे ऐसा (झूठे मामले दर्ज कराना) कर रहे हैं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu