‘इंडिया’ गठबंधन के नेतृत्व के मुद्दे पर सभी दल चर्चा को तैयार हैं : संजय राउत

राहुल ने कांग्रेस सांसदों से कहा : सहयोगी दलों के नेताओं के बयान पर टिप्पणी से परहेज करें

मुंबई/पटना/नयी दिल्ली. शिवसेना (उबाठा) नेता संजय राउत ने मंगलवार को संकेत दिया कि उनकी पार्टी इस बात पर चर्चा करने के लिए तैयार है कि क्या कांग्रेस के बाहर किसी को विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ का नेतृत्व करना चाहिए. उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि गठबंधन के सभी घटक दल इस मुद्दे पर चर्चा करने को तैयार हैं. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे वर्तमान में विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलेपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) के अध्यक्ष हैं.

दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत में राज्यसभा सदस्य राउत ने कहा कि खरगे और राहुल गांधी सहित कांग्रेस नेतृत्व के साथ उनकी पार्टी के बहुत अच्छे संबंध हैं. उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक राष्ट्रीय पार्टी है और ‘इंडिया’ गठबंधन सहयोगियों में उसके सांसदों की संख्या सबसे अधिक है.

राउत ने कहा, ”फिर भी, अगर ‘इंडिया’गठबंधन को दोबारा मजबूत करना है, तो हर कोई नेतृत्व (संबंधित मुद्दों) पर चर्चा करना चाहता है, (ऐसा नेतृत्व) जो गठबंधन को समय दे सकता है….(चाहे वह) ममता बनर्जी, उद्धव ठाकरे, लालू प्रसाद, शरद पवार या अखिलेश यादव हो सकते हैं.” उन्होंने कहा कि यहां तक कि बीजद प्रमुख नवीन पटनायक भी ‘इंडिया’ में शामिल हो सकते हैं, जिनकी पार्टी गठबंधन का हिस्सा नहीं है. शिवसेना (उबाठा) नेता ने कहा, ”हम इस मुद्दे पर एक-दूसरे से बात कर रहे हैं.” इस सप्ताह की शुरुआत में, बनर्जी ने भाजपा विरोधी गठबंधन की कमान संभालने की अपनी मंशा व्यक्त की थी.

ममता बनर्जी को ‘इंडिया’ गठबंधन का नेतृत्व करने दिया जाना चाहिए: लालू प्रसाद
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के इस बयान पर कि वह ‘इंडिया’ गठबंधन का नेतृत्व करने के लिए तैयार हैं, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रमुख लालू प्रसाद ने तृणमूल कांग्रेस की सुप्रीमो का समर्थन करते हुए मंगलवार को कहा कि उन्हें भाजपा विरोधी इस गठबंधन का नेतृत्व करने दिया जाना चाहिए.

लालू ने यहां पत्रकारों से कहा,”ममता बनर्जी को ‘इंडिया’ गठबंधन का नेतृत्व करने दिया जाना चाहिए.” जब पत्रकारों ने ममता के दावों पर कांग्रेस की आपत्ति के बारे में पूछा, तो लालू ने कहा, ”कांग्रेस के विरोध से कोई फर्क नहीं पड़ेगा…उन्हें ‘इंडिया’ गठबंधन का नेतृत्व करने दिया जाना चाहिए.” इससे पहले, ममता बनर्जी के बयान पर टिप्पणी करते हुए लालू के पुत्र और वरिष्ठ राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा था कि उन्हें ममता समेत ‘इंडिया’ गठबंधन के किसी भी वरिष्ठ नेता द्वारा इस गठबंधन का नेतृत्व करने पर कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन ऐसा कोई निर्णय आम सहमति से लिया जाना चाहिए.

राहुल ने कांग्रेस सांसदों से कहा : सहयोगी दलों के नेताओं के बयान पर टिप्पणी से परहेज करें

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को अपनी पार्टी के सांसदों से कहा कि वे ‘इंडिया’ गठबंधन के घटक दलों के नेताओं के बयानों पर टिप्पणी करने से परहेज करें क्योंकि अगर कोई मुद्दा है तो उसे पार्टी नेतृत्व देखेगा. सूत्रों के अनुसार पार्टी के लोकसभा सदस्यों के साथ बैठक में राहुल गांधी ने यह भी कहा कि सांसदों को जनहित से जुड़े मुद्दों को उठाते रहने पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए.

उन्होंने यह टिप्पणी ऐसे समय की है जब विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के भीतर ही नेतृत्व को लेकर कुछ नेताओं ने बयान दिए हैं.
सूत्रों ने बताया कि राहुल गांधी ने कांग्रेस के लोकसभा सदस्यों से कहा कि वे सहयोगी दलों के छोटे और मध्य स्तर के नेताओं के बयानों पर टिप्पणी नहीं करें. शिवसेना (उबाठा) नेता संजय राउत ने मंगलवार को संकेत दिया कि उनकी पार्टी इस बात पर चर्चा करने के लिए तैयार है कि क्या कांग्रेस के बाहर किसी को विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ का नेतृत्व करना चाहिए. इससे पहले तृणमूल कांग्रेस के कुछ नेताओं ने भी अपनी नेता ममता बनर्जी को विपक्षी गठबंधन का नेतृत्व देने की पैरवी की थी.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button