ईडी ने सट्टेबाजी वेबसाइट मामले में अभिनेत्री मल्लिका शेरावत का बयान दर्ज किया

नयी दिल्ली. प्रवर्तन निदेशालय ने कुछ पाकिस्तानी नागरिकों के स्वामित्व वाली एक सट्टेबाजी वेबसाइट के खिलाफ धन शोधन जांच में अभिनेत्री मल्लिका शेरावत और एक टीवी अभिनेता का बयान दर्ज किया है, जो पुरुषों के टी20 विश्व कप मैचों का ‘अवैध’ प्रसारण भी करती है . आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी.

संघीय एजेंसी ने पोर्टल ‘मैजिकविन’ के खिलाफ जांच के तहत पिछले सप्ताह दिल्ली, मुंबई और पुणे में इस मामले में नए सिरे से छापेमारी की थी . सूत्रों ने बताया कि एजेंसी ने शेरावत और टीवी कलाकार पूजा बनर्जी से इस मामले में कुछ प्रश्नों का ईमेल या आधिकारिक प्रतिनिधि के माध्यम से जवाब देने को कहा था.

उन्होंने बताया कि 48 वर्षीय शेरावत ने पिछले सप्ताह ईडी के अहमदाबाद कार्यालय में एक अधिकृत प्रतिनिधि और ई-मेल के माध्यम से अपने जवाब भेजकर अपना बयान दर्ज कराया, जबकि बनर्जी ने जांच अधिकारी (आईओ) के समक्ष गवाही दी और धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत बयान दर्ज कराया. शेरावत ने कई हिंदी फिल्मों में काम किया है, जबकि बनर्जी ने टीवी सीरीज ‘कसौटी जिंदगी की’ में भूमिका अदा की है.

माना जा रहा है कि दोनों ने ‘मैजिकविन’ से संबंधित कुछ प्रमोशनल गतिविधियां की हैं और सूत्रों के अनुसार, प्रथम दृष्टया वे इस मामले में आरोपी नहीं पाए गए हैं. एजेंसी जल्द ही इस मामले में कुछ और अभिनेताओं और मशहूर हस्तियों से पूछताछ कर सकती है.
ईडी ने मंगलवार को एक बयान जारी कर कहा कि पोर्टल के लिए आयोजित एक ‘लांच पार्टी’ उसकी जांच के दायरे में है, जिसमें कई ‘बी-टाउन सेलेब्रिटीज’ शामिल हुए थे और ‘मैजिकविन’ का समर्थन किया था .

इन सेलेब्रिटीज ने मैजिकविन के लिए वीडियो और फोटो शूट भी किए और इसे अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर इसके ”प्रमोशन” के लिए पोस्ट किया. जांच एजेंसी ने कहा कि गुजरात और महाराष्ट्र सहित भारत के विभिन्न हिस्सों में होर्डग्सिं आउट ऑफ होम (ओओएच)के माध्यम से विज्ञापन भी किए गए.

धन शोधन का मामला गुजरात में अहमदाबाद पुलिस की साइबर अपराध इकाई द्वारा दर्ज की गयी प्राथमिकी पर आधारित है.
एजेंसी के अनुसार, मैजिकविन एक सट्टेबाजी वेबसाइट है, जिसे गेमिंग पोर्टल के रूप में बताया गया है और इसका ‘वास्तव में स्वामित्व’ पाकिस्तानी नागरिकों के पास है. जांच एजेंसी ने कहा कि इस वेबसाइट का संचालन ज्यादातर दुबई में काम करने वाले या वहां बसे भारतीय नागरिकों द्वारा किया जाता है, इस वेबसाइट पर दिखाए जा रहे सट्टेबाजी के खेल मूल रूप से फिलीपींस और अन्य देशों में खेले जाते हैं जो सट्टेबाजी गतिविधियों की अनुमति देते हैं .

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button