यूक्रेन में सैन्य अभियान से रूस मजबूत हुआ है: पुतिन

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 19 Dec 2024 09:51 PM
यूक्रेन में सैन्य अभियान से रूस मजबूत हुआ है: पुतिन
ऑडियो सुनें

मॉस्को. रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने बृहस्पतिवार को अपने सालाना संवाददाता सम्मेलन और ‘कॉल-इन शो’ कार्यक्रम में दावा किया कि यूक्रेन में उनके सैन्य अभियान से रूस मजबूत हुआ है. उन्होंने इस बात से इनकार किया कि सीरिया में प्रमुख सहयोगी बशर अल-असद को अपदस्थ किए जाने से मॉस्को की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है.

यह ऐसा एक वार्षिक कार्यक्रम है जिसका इस्तेमाल वह अपने प्रभुत्व का अहसास बनाए रखने और देश के राजनीतिक परिदृश्य पर व्यापक नियंत्रण होने का प्रदर्शन करने के लिए करते रहे हैं. यह कार्यक्रम लगभग साढ़े चार घंटे तक चला. उन्होंने दावा किया कि 2022 में यूक्रेन में सेना भेजने से रूस की सैन्य और आर्थिक ताकत बढ़ी है. उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें ह्ललगता है कि ऐसा निर्णय पहले लिया जाना चाहिए थाह्व और रूस को ह्लइसके लिए पहले से और अधिक गहन तैयारी करनी चाहिए थी”.

पुतिन ने कहा, ”पिछले दो या तीन वर्षों में रूस बहुत मजबूत हो गया है क्योंकि यह वास्तव में एक संप्रभु देश बन गया है.” उन्होंने कहा, ”हम अर्थव्यवस्था के मामले में मजबूती से खड़े हैं, हम अपनी रक्षा क्षमता को मजबूत कर रहे हैं और हमारी सैन्य क्षमता अब दुनिया में सबसे मजबूत है.” उन्होंने आर्थिक मोर्चे पर देश के तेजी से आगे बढ़ने के बारे में बात की और यूक्रेन में अपने सैनिकों की सफलता की सराहना की.

उन्होंने यह भी कहा कि सेना ”अपने लक्ष्यों को हासिल करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है.” उन्होंने कहा, ”स्थिति तेजी से बदल रही है, हम अग्रिम मोर्चे पर आगे बढ़ रहे हैं.” रूस द्वारा पिछले महीने पहली बार यूक्रेन पर हमला करने के लिए इस्तेमाल की गई नई ‘हाइपरसोनिक’ मध्यम दूरी की बैलिस्टिक मिसाइल के बारे में पूछे गए प्रश्न के उत्तर में पुतिन ने कुछ पश्चिमी विशेषज्ञों के इस दावे का उपहास उड़ाया कि इसे उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) की हवाई सुरक्षा द्वारा रोका जा सकता है.

पुतिन ने कहा कि मॉस्को ने ‘ओरेशनिक’ मिसाइल का इस्तेमाल पश्चिमी देशों द्वारा यूक्रेन को रूस पर हमले के लिए अपने लंबी दूरी के हथियारों का उपयोग करने की अनुमति दिए जाने के जवाब में किया था. उन्होंने चेतावनी दी कि रूस इस मिसाइल से यूक्रेन पर और अधिक हमले कर सकता है. उन्होंने कहा कि इस मिसाइल का इस्तेमाल उन देशों के सैन्य परिसरों को निशाना बनाने के लिए भी किया जा सकता है, जिन्होंने यूक्रेन को रूस में हमले करने के लिए अपनी मिसाइलों का इस्तेमाल करने की अनुमति दी है.

पुतिन ने कहा कि वह सीरिया के अपदस्थ राष्ट्रपति बशर अल-असद से उस अमेरिकी पत्रकार की स्थिति के बारे में पूछेंगे जो 12 साल पहले सीरिया में लापता हो गया था. उन्होंने कहा कि उन्होंने अभी तक असद से मुलाकात नहीं की है, जिन्हें मॉस्को में शरण दी गई है, लेकिन उनकी उनसे मुलाकात करने की योजना है और वह उनसे अमेरिकी पत्रकार ऑस्टिन टाइस के बारे में पूछेंगे.

रूसी राष्ट्रपति ने कहा, ”हम यह सवाल उन लोगों से भी पूछ सकते हैं जो सीरिया में जमीनी स्तर पर स्थिति को नियंत्रित करते हैं.” पुतिन ने रूस की आर्थिक स्थिति के बारे में कहा कि इस वर्ष यह लगभग चार प्रतिशत की दर से आगे बढ़ने की राह पर है. उन्होंने स्वीकार किया कि उपभोक्ता मुद्रास्फीति 9.3 प्रतिशत के उच्च स्तर पर है, लेकिन उन्होंने इसे कम करने के लिए केंद्रीय बैंक के प्रयासों का उल्लेख किया तथा इस बात पर जोर दिया कि अर्थव्यवस्था में स्थिति ”स्थिर” बनी हुई है.

इस कार्यक्रम का रूस के सरकार नियंत्रित टीवी स्टेशनों द्वारा सीधा प्रसारण किया जाता है तथा पिछले कुछ वर्षों में इस पर घरेलू मुद्दे हावी रहे हैं. पुतिन ने कहा कि रूस संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान के लिए बातचीत के लिए तैयार है लेकिन उन्होंने अपनी मांग दोहराई कि यूक्रेन को उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) में शामिल होने की अपनी चाहत को छोड़ देना चाहिए.

यूक्रेन और पश्चिमी देशों ने हालांकि इन मांगों को खारिज कर दिया है. पुतिन ने कहा कि वह अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ संभावित वार्ता के लिए तैयार हैं, जिन्होंने यूक्रेन में संघर्ष को समाप्त करने के लिए समझौते पर बातचीत करने की प्रतिबद्धता जताई है. उन्होंने कहा, ”अगर हम श्री ट्रंप से मिलते हैं, तो हमारे पास चर्चा करने के लिए मुद्दे होंगे.” पुतिन ने कहा कि रूस यूक्रेन पर संभावित शांति वार्ता में समझौते के लिए तैयार है.

उन्होंने कहा, ”राजनीति समझौता करने की कला है. हमने हमेशा कहा है कि हम बातचीत और समझौते दोनों के लिए तैयार हैं.” साथ ही, पुतिन ने कहा कि बातचीत ”जमीनी हालात” के आधार पर होनी चाहिए. उन्होंने पहले बताई गई कुछ शर्तों का भी जिक्र किया.
रूसी सरकारी मीडिया ने बताया कि आम नागरिकों ने शो से पहले 20 लाख से अधिक प्रश्न प्रस्तुत किए.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu