ओडिशा में कटक-निर्गुंडी रेल खंड पर ट्रेन सेवाएं बहाल

Author: navabharat digital
UPDATED: Mon, 31 Mar 2025 01:25 PM
ओडिशा में कटक-निर्गुंडी रेल खंड पर ट्रेन सेवाएं बहाल
ऑडियो सुनें

भुवनेश्वर: ओडिशा के कटक जिले में एसएमवीटी बेंगलुरु-कामाख्या एसी एक्सप्रेस के पटरी से उतर जाने के बाद बाधित हुईं कटक-निर्गुंडी रेल खंड की दोनों पटरियों पर सेवा बहाल कर दी गई है। रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।

पूर्व तटीय रेलवे ने बताया कि रविवार को कटक-भद्रक रेलवे खंड पर केंद्रपाड़ा रोड और निर्गुंडी स्टेशन के बीच ट्रेन के पटरी से उतर जाने के कारण रेल सेवाएं अस्थायी रूप से बाधित हो गईं थीं। उसने बताया कि सेवाएं बहाल होने के बाद पहली यात्री ट्रेन भुवनेश्वर-नयी दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या-22823) सुबह 10 बजकर 25 मिनट पर इस मार्ग से गुजरी।

उसने बताया कि पूर्व तटीय रेलवे के र्किमयों ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में रातभर अथक परिश्रम किया और प्रभावित पटरियों को सोमवार सुबह सवा सात बजे तक बहाल कर दिया जाएगा, पटरी को साफ किया गया और ट्रेन की आवाजाही के लिए तैयार किया गया तथा ‘ओवरहेड इक्विपमेंट’ (ओएचई) को सुबह सात बजकर 40 मिनट तक पूरी तरह से बहाल कर दिया गया।

रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि रेल सेवाएं बहाल हो गई हैं। मरम्मत कार्य जारी रहने के कारण रेलगाड़ियां कम गति (लगभग 10 किलोमीटर प्रति घंटा) से, लेकिन सामान्य रूप से चल रही हैं। उन्होंने कहा कि स्थिति स्थिर होने पर गति सीमा धीरे-धीरे बढ़ाई जाएगी।

इस दुर्घटना में पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार निवासी 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई है तथा तीन अन्य घायल हुए हैं। रेलवे अधिकारियों ने पीड़ितों को मुआवजा प्रदान किया है। रेलवे के पटरी से उतरने के कारण ईसीओआर ने 38 ‘डाउन लाइन’ तथा 17 ‘अप लाइन’ ट्रेन को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जिससे यात्रियों को कम से कम परेशानी हुई।

पूर्वी तटीय रेलवे के महाप्रबंधक परमेश्वर फुंकवाल ने बताया कि नागरिक उड्डयन मंत्रालय के तहत कोलकाता में दक्षिण पूर्वी मंडल के रेलवे सुरक्षा आयुक्त बृजेश कुमार मिश्रा ने घटना की जांच शुरू कर दी है और उन्होंने रविवार रात घटनास्थल का दौरा किया।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital