धर्म परिवर्तन की कोशिश में अमेरिकी नागरिक समेत दो लोग गिरफ्तार

पुणे. पुणे जिले के पिंपरी शहर में अमेरिका के एक नागरिक और उसके सहयोगी को वित्तीय मदद का वादा करके एक व्यक्ति का धर्मांतरण कराने के प्रयास के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी. आरोपी उस व्यक्ति को इसाई धर्म में परिर्वितत कराने का प्रयास कर रहे थे. पिंपरी चिंचवाड़ पुलिस ने घटना में कथित भूमिका के लिए एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया और बाद में उसे उसके माता-पिता को सौंप दिया.

आरोपियों की पहचान कैलिफोर्निया निवासी शेफ.र जैविन जैकब (41) और पिंपरी चिंचवाड़ महानगर पालिका क्षेत्र निवासी स्टीवन विजय कदम (46) के रूप में हुई है. जैकब वर्तमान में पुणे में मुकाई चौक के पास रह रहा था. पुलिस ने बताया कि शिकायतकर्ता सनी बंसीलाल दानानी ने दावा किया कि जैकब और कदम ने 27 जुलाई को उसके घर आकर उसका धर्म परिवर्तन कराने की कोशिश की.

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, ”उन्होंने (आरोपियों ने) दावा किया कि ईसाई धर्म अपनाने से दानानी को शांति, समृद्धि मिलेगी और मानसिक रूप से भी स्वास्थ्य बेहतर रहेगा. उन्होंने कथित तौर पर शिकायतकर्ता से कहा कि ईसा मसीह ही एकमात्र ईश्वर हैं जबकि अन्य देवता और धर्म काल्पनिक हैं.” पुलिस ने बताया कि दोनों ने शिकायतकर्ता को धर्म परिवर्तन करने पर वित्तीय सहायता देने का वादा किया था.

पिंपरी पुलिस ने दानानी की शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और विदेशी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की. अधिकारी ने बताया, ”दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में शामिल नाबालिग को उसके माता-पिता को सौंप दिया गया है.”

शाहजहांपुर में धर्मांतरण मामले में गिरफ्तार आरोपी के खाते में रुपये देने वाली संस्था की जांच शुरू

शाहजहांपुर पुलिस ने कथित धर्मांतरण के आरोप में गिरफ्तार ईसाई समुदाय के एक आरोपी के खाते में रुपये देने वाली संस्था के खातों की जांच शुरू कर दी है. पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को बताया कि चार आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में लिया है. पुलिस अधीक्षक (एसपी) राजेश द्विवेदी ने सोमवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि सिधौली में गिरफ्तार किए गए तमिलनाडु निवासी पदमनाभन के खाते में तमिलनाडु की एक संस्था ‘जीसस रेडीमेड’ ने 25 लाख रुपये भेजे थे.

उन्होंने कहा, ”जब पुलिस ने गहराई से जांच शुरू की तब पता चला कि ‘जीसस रेडीमेड’ का खाता 2017 में खोला गया था और इसके बाद इस खाते में कितना लेनदेन किया गया, यह जांच का विषय है.” उन्होंने कहा, ”संस्था ने शाहजहांपुर के अलावा अन्य जिलों में भी अपने समुदाय के लोगों को धनराशि भेजी. इस मामले की जांच भी की जा रही है.” पुलिस अधिकारी ने बताया कि जिले में थाना रामचंद्र मिशन में एक, सिधौली में दो, निगोही में एक और खुटार में दो मामले सामने आए हैं जिनमें 10 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है.

द्विवेदी ने बताया, ”हमें अंदेशा है कि तमिलनाडु की संस्था के खाते में जो धनराशि आई, वह कहीं विदेश से तो नहीं भेजा जा रहा है. इस मामले में साइबर प्रकोष्ठ के अलावा कई टीम लगाई हैं और जल्दी इस मामले का खुलासा किया जाएगा.” उन्होंने बताया कि थाना खुटार के कुंभी गांव में भी ईसाई समुदाय के हरिश्चंद्र (50) तथा उनके बेटे शैलेश (25) को रविवार को हिरासत में लिया गया और उनके विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है.

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि निगोही थाना क्षेत्र के गांव चैना रुबिया में भी ईसाई समुदाय से जुड़े हेमराज तथा ओमपाल को धर्म परिवर्तन करने के मामले में हिरासत में ले लिया गया है. द्विवेदी ने बताया कि हमें रुपयों के लेनदेन के जो प्रमाण मिले हैं जिससे यह मामला गंभीर प्रतीत होता है और गहनता से इसकी जांच कर रहे हैं.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button