
आइजोल. केंद्रीय मंत्री जॉर्ज कुरियन ने बुधवार को कहा कि भाजपा ईसाइयों के लिए खतरा नहीं है. उत्तर-पश्चिमी मिजोरम के मामित जिले के दारलुंग गांव में एक रैली को संबोधित करते हुए कुरियन ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ईसाई धर्म की विरोधी नहीं है और ईसाइयों के लिए पार्टी में डरने की कोई बात नहीं है. कुरियन ने कहा कि वह ईसाई बहुल मिजोरम में भगवा पार्टी से डरने की कथित शिक्षा से हैरान हैं.
कुरियन ने कहा, ”मैं 1980 में भाजपा की स्थापना के समय से ही इसमें शामिल हूं. मैं केरल से हूं और एक सच्चा और आस्थावान ईसाई हूं. अपनी आस्था के कारण मुझे भाजपा सदस्य होने में कभी कोई कठिनाई नहीं हुई. इसलिए लोगों को भाजपा से डरना सिखाना सिर्फ एक राजनीतिक खेल है.” उन्होंने कहा, “किसी ईसाई का भाजपा से जुड़ना कोई विरोधाभास नहीं है.” अल्पसंख्यक मामले, मत्स्य पालन, पशुपालन और डेरी मंत्रालय के केंद्रीय राज्य मंत्री कुरियन ने कहा कि क्षेत्र में विकास के लिए डम्पा को दिल्ली से जोड़ा जाना चाहिए.
उन्होंने कहा कि यदि आगामी डम्पा उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार निर्वाचित होता है तो केंद्र की भाजपा सरकार सड़क संपर्क और कृषि संपर्क सड़कों सहित कई विकास कार्य करेगी. कुरियन ने मुख्यमंत्री लालदुहोमा के नेतृत्व वाली ज.ोरम पीपुल्स मूवमेंट (जेडपीएम) सरकार पर डम्पा निर्वाचन क्षेत्र की कथित उपेक्षा करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा, “जब मैं दारलुंग जा रहा था, तो मुझे एक बहुत ही संकरी और खराब सड़क से गुजरना पड़ा. मैंने देखा है कि राज्य सरकार ने आपके इलाके की कितनी उपेक्षा की है. यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है.”



