लाल किले के निकट हुए विस्फोट की गहन और त्वरित जांच सुनिश्चित करे सरकार: कांग्रेस

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 10 Nov 2025 10:39 PM
लाल किले के निकट हुए विस्फोट की गहन और त्वरित जांच सुनिश्चित करे सरकार: कांग्रेस
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को लाल किला के निकट हुए विस्फोट में कई लोगों के हताहत होने पर दुख जताया और कहा कि सरकार को घटना की त्वरित एवं गहन जांच सुनिश्चित करनी चाहिए, ताकि इस “चूक” और घटना के लिए जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराया जा सके.

खरगे ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास कार विस्फोट की खबर सुनकर बेहद दुख हुआ. शुरुआती रिपोर्ट से पता चलता है कि इस घटना में कई कीमती जानें चली गई हैं. ” उन्होंने कहा, “दु?ख की इस घड़ी में, हमारी संवदेनायें और प्रार्थना शोकसंतप्त परिवारों के साथ हैं, और हम घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं.”

खरगे ने कहा, “सरकार को कड़ी सुरक्षा और भीड़-भाड़ वाली जगह पर हुए इस विस्फोट की त्वरित और गहन जांच सुनिश्चित करनी चाहिए, ताकि इस चूक और घटना के लिए जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराया जा सके.” राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए कार विस्फोट की ख.बर बेहद दर्दनाक और चिंताजनक है. इस दुखद हादसे में कई निर्दोष लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है.”

उन्होंने कहा, “इस दुख की घड़ी में अपने प्रियजनों को खोने वाले शोकसंतप्त परिवारों के साथ खड़ा हूं और अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं. सभी घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की आशा करता हूं.” कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास एक कार विस्फोट की खबर बेहद दुखद है. दुख की इस घड़ी में हम शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़े हैं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं. ” उन्होंने कहा कि सरकार को घटना की गहन और त्वरित जांच सुनिश्चित करनी चाहिए.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu