कोरबा जिले में भाजपा नेता की हत्या के आरोप में तीन लोग गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 24 Dec 2025 07:21 PM
कोरबा जिले में भाजपा नेता की हत्या के आरोप में तीन लोग गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

कोरबा. छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक स्थानीय नेता की हत्या के आरोप में पुलिस ने एक ठेकेदार समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है जबकि एक नाबालिग लड़के को हिरासत में लिया है. पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी.

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र के कारखाना मोहल्ला निवासी भाजपा नेता अक्षय गर्ग की हत्या के आरोप में पुलिस ने क्षेत्र के मलदा गांव के ठेकेदार मिर्जा मुश्ताक अहमद (27), सिंघिया कोरबी गांव के विश्वजीत ओगरे (21) और मलदा गांव के गुलशन दास (26) को गिरफ्तार कर लिया है तथा एक नाबालिग लड़के को हिरासत में लिया है.

उन्होंने बताया कि मंगलवार सुबह जब अक्षय गर्ग केशलपुर गांव में प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत सड़क निर्माण कार्य का जायजा लेने पहुंचे थे, तभी काले रंग की एक कार में सवार होकर आए नकाबपोश हमलावरों ने उन पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया. अधिकारियों ने बताया कि हमले के बाद गंभीर रूप से घायल गर्ग को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई. उन्होंने बताया कि घटना के बाद पुलिस ने इस मामले की छानबीन शुरू की और मुश्ताक तथा अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया.

अधिकारियों ने बताया कि जब आरोपियों से पूछताछ की गई तब उन्होंने हत्या का कारणों के बारे में खुलासा किया. उन्होंने बताया कि आरोपी मुश्ताक ठेकेदारी करना चाहता था, लेकिन अक्षय गर्ग के प्रभाव के कारण उसे काम नहीं मिल रहा था. वहीं, जनपद चुनाव के दौरान दोनों के बीच सीधी चुनावी टक्कर थी और वाद-विवाद हुआ था.

अक्षय गर्ग के चुनाव जीतने के बाद उस क्षेत्र में मिर्जा मुश्ताक के सामाजिक प्रभाव में कमी आई थी. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों से कुल्हाड़ी, धारदार हथियार, चार पहिया वाहन, कपड़े और मोबाइल फोन बरामद किया गया है. उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu