मोदी ने हम्पी और एरिगैसी को विश्व रैपिड चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतने पर बधाई दी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 29 Dec 2025 08:43 PM
मोदी ने हम्पी और एरिगैसी को विश्व रैपिड चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतने पर बधाई दी

ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दोहा में फिडे विश्व रैपिड चैंपियनशिप के महिला और ओपन वर्ग में कांस्य पदक जीतने वाले भारतीय शतरंज की दिग्गज खिलाडि़यों क्रमश: कोनेरू हम्पी और अर्जुन एरिगैसी को सोमवार को बधाई देते हुए उनके समर्पण और कड़ी मेहनत की सराहना की.

हम्पी ने मौजूदा चैंपियन के रूप में इस प्रतियोगिता में भाग लिया था. वह रविवार को समाप्त हुई प्रतियोगिता के अंतिम दौर के बाद 8.5 अंक लेकर दो अन्य ग्रैंडमास्टर्स के साथ संयुक्त बढ़त पर थी लेकिन अंतरराष्ट्रीय शतरंज महासंघ (फिडे) के टाईब्रेक नियमों के कारण उन्हें कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा.

मोदी ने एक्स पर लिखा, ”दोहा में 2025 फिडे विश्व रैपिड शतरंज चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला वर्ग में कांस्य पदक जीतने वाली कोनेरू हम्पी को हार्दिक बधाई. खेल के प्रति उनका समर्पण सराहनीय है. उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं.” प्रधानमंत्री भारतीय खिलाडि़यों का लगातार हौसला बढ़ाते रहते हैं और उनमें से कई खिलाडि़यों से व्यक्तिगत रूप से भी मिलते हैं. ओपन वर्ग में एरिगैसी ने कांस्य पदक जीता और मोदी ने उनके समर्पण की भी सराहना की. वह विश्व के नंबर एक खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन और रूस के ग्रैंडमास्टर व्लादिस्लाव आर्टेमिएव के बाद तीसरे स्थान पर रहे थे.

मोदी ने एक अन्य संदेश में लिखा, ” दोहा में आयोजित फिडे विश्व रैपिड शतरंज चैंपियनशिप के ओपन वर्ग में कांस्य पदक जीतने पर अर्जुन एरिगैसी पर गर्व है. उनका दृढ़ संकल्प सराहनीय है. उन्हें भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए हार्दिक शुभकामनाएं.” अगर हम्पी रविवार को खिताब जीत जातीं तो वह तीन विश्व रैपिड खिताब जीतने वाली पहली महिला खिलाड़ी बन जातीं. इससे पहले उन्होंने 2019 और 2024 में खिताब जीते थे. अब यह खिलाड़ी विश्व ब्लिट्ज टूर्नामेंट में भाग लेंगे.

By Yogesh Kumar Sahu