ब्रह्मोस मिसाइलों ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में पाकिस्तान को सबक सिखाया : योगी आदित्यनाथ

ललितपुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा की सराहना करते हुए शनिवार को कहा कि स्वदेशी तकनीक से विकसित ब्रह्मोस मिसाइलों ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान पाकिस्तान को ”मुंहतोड़ जवाब” दिया। आदित्यनाथ ने ललितपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए दावा किया कि उत्तर प्रदेश में निर्मित ब्रह्मोस मिसाइलों ने ”पाकिस्तान को मदद की गुहार लगाने और खुद को बचाने की भीख मांगने पर मजबूर कर दिया।”

मुख्यमंत्री ने 1,766 करोड़ रुपये की लागत वाली 221 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के बाद सभा को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने घोषणा की कि उत्तर प्रदेश का पहला फार्मा पार्क ललितपुर में स्थापित किया जाएगा। उन्होंने कहा, ”राज्य के पहले फार्मा पार्क की स्थापना के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।”

हाल में हुए अमेरिका-ईरान संघर्ष का उल्लेख करते हुए आदित्यनाथ ने कहा कि इस संघर्ष के कारण वैश्विक स्तर पर ईंधन आपूर्ति प्रभावित हुई, लेकिन मोदी सरकार के प्रयासों से भारत में ऊर्जा संकट पैदा नहीं हुआ। आदित्यनाथ ने कहा, ”अमेरिका-ईरान संघर्ष के दौरान दुनिया भर में ईंधन आपूर्ति बाधित हुई। मोदी जी के नेतृत्व में ऐसे कदम उठाए गए, जिनसे देश को ऊर्जा संकट का सामना नहीं करना पड़ा। लोगों को राहत मिली और महंगाई भी नियंत्रण में रही।”

मुख्यमंत्री ने कहा, ”ब्रह्मोस मिसाइलें उत्तर प्रदेश में बनाई जा रही हैं। जब ‘आॅपरेशन ंिसदूर’ के दौरान इनका इस्तेमाल किया गया तो पाकिस्तान को ऐसा करारा झटका लगा कि वह मदद की गुहार लगाने और खुद को बचाने की भीख मांगने पर मजबूर हो गया। यह नए भारत की ताकत है और इसे प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व से शक्ति मिलती है।” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश, विशेष रूप से बुंदेलखंड क्षेत्र में उल्लेखनीय विकास हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button