
जम्मू: जम्मू-कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष तारिक हमीद कर्रा ने शनिवार को जम्मू में पार्टी मुख्यालय के बाहर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ प्रदर्शन का नेतृत्व किया और आरोप लगाया कि भाजपा की स्थानीय इकाई द्वारा लगाए गए एक पोस्टर में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव को उग्रवाद से जोड़ने की कोशिश की गई है।
यह प्रदर्शन कांग्रेस के जम्मू में जारी जनसंपर्क कार्यक्रम ‘चौपाल पे चर्चा’ के बीच हुआ।
इस कार्यक्रम के तहत पार्टी राज्य का दर्जा बहाल करने, बेरोजगारी, भर्ती से जुड़े मुद्दों, बढ़ती कीमतों और अन्य जन समस्याओं को उठा रही है। कर्रा ने आरोप लगाया कि भाजपा की जम्मू-कश्मीर इकाई ने एक पोस्टर में राहुल और अखिलेश के साथ-साथ ‘इंडिया’ गठबंधन में शामिल दलों के नेताओं और उनके नीचे कथित आतंकवादियों की तस्वीरें लगाई गई थीं।
उन्होंने शहर के बीचोंबीच शहीदी चौक स्थित पार्टी मुख्यालय में प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए संवाददाताओं से कहा, “इस पोस्टर का उद्देश्य यह धारणा बनाने की थी कि राहुल गांधी, अखिलेश यादव और कांग्रेस का उग्रवाद से संबंध है।” प्रदर्शन में पार्टी इकाई के कार्यकारी अध्यक्ष रमन भल्ला समेत कई वरिष्ठ नेताओं और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
प्रदर्शनकारियों ने भाजपा और केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए। कर्रा ने कहा कि भाजपा की इस हरकत का संबंध या तो कांग्रेस के ‘चौपाल पे चर्चा’ कार्यक्रम की बढ़ती पहुंच से हो सकता है या फिर यह बड़े मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने का प्रयास हो सकता है।
प्रदेश इकाई के प्रमुख ने राष्ट्रवाद के दावों को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा और पार्टी के ऐतिहासिक रिकॉर्ड पर सवाल उठाए।
कर्रा ने कहा, “जो भाजपा हमें राष्ट्रवाद का पाठ पढ़ाने की कोशिश कर रही है, उसे पहले अपना अतीत याद करना चाहिए।” कर्रा ने वर्ष 1999 में इंडियन एयरलाइंस के विमान के अपहरण और उसके बाद अफगानिस्तान में प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के प्रमुख मसूद अजहर समेत गिरफ्तार आतंकवादियों की रिहाई का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि उस समय भाजपा नीत सरकार द्वारा संकट से निपटने के तरीके ने देश में उग्रवाद से जुड़ी स्थिति को बढ़ाने में योगदान दिया था।
कर्रा ने कहा, “राहुल गांधी ऐसे परिवार से आते हैं, जिसने देश की सुरक्षा और एकता के लिए दो प्रधानमंत्रियों को बलिदान देते देखा है।” कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि भाजपा और उसके पूर्ववर्ती संगठनों की भारत के स्वतंत्रता संग्राम में ऐसी कोई भूमिका नहीं थी और उन्होंने अंग्रेजों का साथ दिया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जम्मू-कश्मीर में भाजपा की ‘नफरत की राजनीति’ और जन मुद्दों से ध्यान भटकाने के प्रयासों के खिलाफ अपना विरोध प्रदर्शन जारी रखेगी।



