ब्रेकिंग : 30 लाख का इनामी नक्सली कमांडर ढेर, खोज रही थी सरकार और एनआईए, एटीएस ने मार गिराया

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने टीम पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में उसे गोली लगी।

वाराणसी. रामनगर थाना क्षेत्र के लंका मैदान के समीप रविवार सुबह पुलिस और यूपी एटीएस की टीम की झारखंड के प्रतिबंधित नक्सली संगठन तृतीय प्रस्तुति कमेटी (टीपीसी) के कमांडर से मुठभेड़ हो गई। क्रॉस फायरिंग में 30 लाख रुपये के इनामी नक्सली कमांडर बृजेश गंझू उर्फ गोपाल सिंह भोक्ता को गोली लगी। पुलिस टीम उसे अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार, बृजेश गंझू पुत्र पंचू गंझू निवासी लूटू, थाना लवलंग, जनपद चतरा (झारखंड) रविवार सुबह अपने एक साथी के साथ मोटरसाइकिल से टेंगरा मोड़ होते हुए रामनगर की ओर से मुगलसराय जा रहा था। मुखबिर से सूचना मिलने के बाद पुलिस और यूपी एटीएस की टीम ने उसे रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि पुलिस टीम को देखते ही बृजेश मोटरसाइकिल से कूदकर फायरिंग करते हुए भागने लगा। इसके बाद पुलिस और एटीएस टीम ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें गोली लगने से वह घायल हो गया।

मुठभेड़ के दौरान नक्सली की ओर से चलाई गई गोली यूपी एटीएस के डिप्टी एसपी विपिन राय और हेड कांस्टेबल नितेंद्र कृष्ण की बुलेटप्रूफ जैकेट में भी लगी। दोनों पुलिसकर्मी सुरक्षित बताए गए हैं।

घटना के बाद पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर मुठभेड़ स्थल का निरीक्षण किया और आसपास के इलाके में जांच की। पुलिस ने बताया कि बृजेश गंझू के खिलाफ झारखंड में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। झारखंड सरकार ने उस पर 25 लाख रुपये और राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने पांच लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।

पुलिस के मुताबिक वह टीपीसी का सक्रिय कमांडर था और लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों के निशाने पर था। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने बृजेश के साथ मोटरसाइकिल पर मौजूद दूसरे व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button