राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी से क्रिकेटर मोहम्मद शमी की मुलाकात ने अमरोहा में सियासी हलचल बढ़ा दी है। इस मुलाकात की तस्वीर जयंत चौधरी ने फेसबुक पर पोस्ट की है। इसके बाद सियासी पिच पर तेज गेंदबाज शमी के बाउंसर फेंकने के कयास शुरू हो गए हैं। उनके राजनीति में उतरने की चर्चाएं तेज हो गई हैं।
सोशल मीडिया पर पिछले कुछ दिनों से अमरोहा के सहसपुर अलीनगर के रहने वाले क्रिकेटर मोहम्मद शमी या उनके परिवार के किसी सदस्य के सियासत में उतरने की चर्चाएं चल रही हैं। रविवार को दिल्ली में मोहम्मद शमी ने रालोद प्रमुख जयंत चौधरी से मुलाकात करके इस चर्चा को और हवा दे दी है। इससे अमरोहा ही नहीं बल्कि मंडल की सियासत में हलचल तेज हो गई है। जयंत चौधरी ने फेसबुक पर तस्वीर साझा करते हुए मोहम्मद शमी जैसे महान क्रिकेटर से मिलना एक सुखद अनुभव बताया है।