Asam News मुख्यमंत्री का काफिला गुजरने के समय एंबुलेंस रोकी, मिला दण्ड, चार पुलिसकर्मी निलंबित

Author: Navabharat News Group
UPDATED: Wed, 30 Sep 2026 09:12 PM
Asam News मुख्यमंत्री का काफिला गुजरने के समय एंबुलेंस रोकी, मिला दण्ड, चार पुलिसकर्मी निलंबित

ऑडियो सुनें

नवभारत रिपोर्टर
गुवाहाटी. मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा के काफिले निकलने के समय एंबुलेंस रोकने की वजह से चार पुलिस कर्मियों को जांच समाप्त न होने तक तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इन पर चिरुकांदी पॉइंट से असम सचिवालय, बराक घाटी, श्रीकोना तक रूट लाइनिंग ड्यूटी के दौरान ट्रैफिक ड्यूटी में लापरवाही का आरोप है।

मुख्यमंत्री का काफिला जब गुजर रहा था, पुलिस कर्मियों ने एक एम्बुलेंस को रोक दिया था। जिन्हे निलंबित किया गया है, उनमें विजय गोस्वामी, शिवशंकर दास,जहूरूल इस्लाम कौसर अहमद बारभुयां शामिल है। उन्हें तुरंत पुलिस रिजर्व, सिलचर में रिपोर्ट करना होगा और अपनी सरकारी किट जमा करनी होगी। उन्हें रोजाना रोल कॉल में शामिल होने और उचित अनुमति के बिना हेडक्वार्टर न छोड़ने का भी निर्देश दिया गया है। निलंबित की अवधि के दौरान उन्हें नियमों के अनुसार भत्ते मिलेंगे।

यह आदेश अगले आदेश तक लागू रहेगा। सभी पुलिस कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि काफिले की आवाजाही के दौरान जनता को कोई परेशानी न हो। अतिरिक्त एसपी और डीएसपी को भी सख्त निगरानी सुनिश्चित करने की चेतावनी दी गई है। मुख्यमंत्री ने बार-बार इस बात पर जोर दिया है कि काफिले की आवाजाही से जनता को परेशानी नहीं होनी चाहिए। सरकार के निर्देश स्पष्ट हैं कि व्यापक जनहित में, काफिले की आवाजाही के लिए आपातकालीन वाहनों को नहीं रोका जाना चाहिए। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

 

By Navabharat News Group