झारखंड: दुर्गा पूजा में भीड़ नियंत्रित करने के लिए के पूर्वी सिंहभूम में सुरक्षा बढ़ाई गई

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Tue, 06 Oct 2026 05:32 PM
झारखंड: दुर्गा पूजा में भीड़ नियंत्रित करने के लिए के पूर्वी सिंहभूम में सुरक्षा बढ़ाई गई
ऑडियो सुनें

दुर्गा पूजा के मद्देनजर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उपायुक्त राजीव रंजन ने सोमवार को वरिष्ठ अधिकारियों, केंद्रीय शांति समिति और विभिन्न दुर्गा पूजा समितियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर पूजा के दौरान सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने पर जोर दिया।

उन्होंने अधिकारियों को त्योहार शुरू होने से पहले सभी जरूरी तैयारियां पूरी करने तथा विसर्जन मार्ग और यातायात योजना पहले से तय करने के निर्देश दिए। पूजा समितियों से अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन, सीसीटीवी कैमरे लगाने, पंडालों में उचित प्रवेश-निकास और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने को कहा गया।

प्रशासन ने भीड़ नियंत्रित करने के लिए रणनीतिक स्थानों पर अवरोधक, नदी घाटों के संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान और गोताखोरों की तैनाती के निर्देश दिए। विसर्जन मार्गों पर पेड़ों की शाखाओं की छंटाई और सड़कों की मरम्मत करने को भी कहा गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एहतशाम वकारिब ने कहा कि पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह तैयार है और सीसीटीवी तथा ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाएगी।

उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट या वीडियो साझा नहीं करने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की। उपायुक्त ने मस्जिद समितियों के अध्यक्ष और सचिव तथा ‘पेश-इमामों’ के साथ भी बैठक कर शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav