छत्तीसगढ़ राज्योत्सव में इस बार तकनीक और मनोरंजन का अनोखा संगम देखने को मिला। छत्तीसगढ़ी गाने की धुन पर रोबोट ने शानदार डांस किया। रोबोट के अनोखे अंदाज ने वहां मौजूद लोगों को खूब आकर्षित किया। इस खास नजारे का वीडियो अब चर्चा में है।
‘राज्योत्सव’ के अवसर पर नवा रायपुर में आयोजित प्रदर्शनी में पारंपरिक जनजातीय वेशभूषा में सजे चलित रोबोट ने जब आगे बढ़कर हाथ मिलाया, तो यह दृश्य हमारी समृद्ध संस्कृति और आधुनिक तकनीक के सुंदर मेल का प्रतीक बन गया।
सीएम विष्णु देव साय ने रोबोट से हाथ मिलाते हुए कहा कि हमारा छत्तीसगढ़ अपनी परंपराओं को सहेजते हुए नई तकनीक के साथ आगे बढ़ रहा है। विरासत और नवाचार का यह संगम युवाओं के लिए नए अवसरों के द्वार खोलने और एक विकसित, आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ के निर्माण की प्रेरणा देता है।

छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर नवा रायपुर में आयोजित तीन दिवसीय राज्योत्सव (1 से 3 नवंबर) में जनसंपर्क विभाग की प्रदर्शनी आगंतुकों का ध्यान खींच रही है। ‘विकसित छत्तीसगढ़, सशक्त नारी और युवा उड़ान’ थीम पर आधारित प्रदर्शनी में रोबोट और डिजिटल कियोस्क के माध्यम से प्रदेश की विकास यात्रा, जनकल्याणकारी योजनाओं और शासन की उपलब्धियों को रोचक ढंग से प्रस्तुत किया जा रहा है।
प्रदर्शनी में स्थापित रोबोट लोगों के आकर्षण का विशेष केंद्र है। नागरिक उससे संवाद कर रहे हैं और तकनीक के माध्यम से जानकारी प्राप्त कर रहे हैं। वहीं डिजिटल कियोस्क के जरिए शासकीय योजनाओं, उनके उद्देश्यों और हितग्राहियों को मिलने वाले लाभों की जानकारी सरलता से उपलब्ध कराई जा रही है। आगंतुकों को शासन की विकासपरक पहलों से परिचित कराने के लिए विभाग की पुस्तिकाएं, पत्रिकाएं और अन्य प्रकाशन सामग्री निःशुल्क वितरित की जा रही हैं। सूचना, तकनीक और जनसंवाद के इस संगम के जरिए जनसंपर्क विभाग की प्रदर्शनी राज्योत्सव में प्रदेश की विकास यात्रा को आमजन तक पहुंचा रही है।
तीन दिवसीय राज्योत्सव में आइए, तकनीक और जनसंवाद के इस अनूठे अनुभव का हिस्सा बनिए।