प्रदेश के वित्त मंत्री ओ पी चौधरी ने वंदे मातरम पूरा गाने को लेकर एक कड़ा संदेश प्रदेश में दिया है।
उनकी अनुशंसा पर रायगढ़ कलेकटर ने रायगढ़ के किरोड़ीमल स्नातकोत्तर महाविद्यालय को नोटिस जारी करते हुए कड़ी कार्यवाही करने की चेतावनी दी है।
पूरा मामला यूं है कि कल दो नवंबर को किरोड़ीमल स्नातकोत्तर महाविद्यालय में भूमि पूजन एवं शिलान्यास कार्यक्रम आयेाजित किया गया था जिसमें राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान और राजकीय गीत का गायन होना था लेकिन नियमानुसार नही हो सका। आरोप है कि महाविद्यालय में इसे निर्धारित क्रम में नही गवाया गया साथ ही अधूरा वंदे मातरम गवाया गया। जबकि इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खुद वित्त मंत्री ओ पी चौधरी थे। अधूरा वंदे मातरम गायन को लेकर चौधरी ने आपत्ति की। इसके बाद भी इसका पूरा गायन नही हो सका।
इसके बाद चौधरी ने मामले को गंभीरता से लिया। श्री चौधरी ने अपने सोशल मीडिया एकाउंट में लिखा कि किरोड़ीमल स्नातकोत्तर महाविद्यालय के सांस्कृतिक संध्या कार्यक्रम में जब वंदे मातरम् का अधूरा गायन हुआ, तो मैंने तुरंत इसे नोटिस किया और पूरा वंदे मातरम् गायन के लिए कहा। इसी घटना को लेकर रायगढ़ कलेक्टर ने महाविद्यालय को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। संविधान के अनुच्छेद 51-क(क) और राष्ट्रीय सम्मान के अपमान की रोकथाम अधिनियम, 1971 के अनुसार राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान और राज्यगीत का गायन निर्धारित क्रम, आधिकारिक पाठ और संस्करण में ही होना चाहिए। सभी शासकीय संस्थानों से अपेक्षा है कि भविष्य में ऐसी स्थिति से बचें और राष्ट्रीय प्रतीकों का पूरा सम्मान सुनिश्चित करें।
नोटिस मिलने के बाद किरोड़ीमल स्नातकोत्तर महाविद्यालय का जवाब देना होगा। कलेक्टर ने लिखित आदेश में कहा है कि इस गायन के प्रभारी के खिलाफ महाविद्यालय कठोर कार्यवाही करके सूचित करें तथा स्पष्टीकरण समयसीमा में देवें।