पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मलिक इन दिनों भारत दौरे पर हैं. जहां वे दिल्ली में SCO सभ्यता संवाद मंच में भाग लेने के लिए आए हैं. इस दौरान सिंधु जल संधि को लेकर बातचीत हुई, जिसमें भारत ने अपना रुख स्पष्ट कर दिया कि कोई नया बदलाव नहीं किया जाएगा. इस दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए मंत्री ने भारत-पाकिस्तान के रिश्ते सुधारने में संस्कृति की अहम भूमिका निभाई. SCO सभ्यता संवाद मंच में शामिल होने के लिए कई देशों के प्रतिनिधि पहुंचे हैं.
SCO सभ्यता संवाद कार्यक्रम का आयोजन दिल्ली के ऐतिहासिक पुराने किले में किया गया है. जिसमें शामिल होने के लिए पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मलिक भी शुक्रवार को पहुंचे हैं. भारत ने पाकिस्तान को भी इस आयोजन में शामिल होने के लिए निमंत्रण दिया था. पाकिस्तान ने पहले ही इसकी पुष्टि कर दी थी कि भारत में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में पाकिस्तान की ओर से उसके मंत्री मुसादिक मलिक भाग लेंगे. पाकिस्तान समेत सभी सदस्य देशों को निमंत्रण दिया गया था. ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान के मंत्री का पहला दौरा है.
विदेश मंत्रालय का रुख स्पष्ट
भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक बार फिर सिंधु जल संधि को लेकर अपना रुख स्पष्ट कर दिया है. उन्होंने साफ कहा कि इसमें कोई बदलाव नहीं आया है. यह बयान उन्होंने उस दौरान दिया जब पाकिस्तान के मंत्री SCO सभ्यता संवाद के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंचे हैं. विदेश मंत्रालय ने SCO सभ्यता संवाद कार्यक्रम को बहुपक्षीय कार्यक्रम बताते हुए कहा कि इसमें शामिल होने के लिए सभी देशों को निमंत्रण भेजा गया है.
दोनों देशों के रिश्तों पर संस्कृति की अहम भूमिका
पाकिस्तानी मंत्री ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए दोनों देशों के रिश्ते सुधारने पर बात की. उन्होंने कहा कि रिश्तों को सुधारने में संस्कृति की अहम भूमिका है. सिंधु जल संधि भारत और पाकिस्तान के बीच सिंधु नदी प्रणाली के जल के उपयोग और वितरण को लेकर 19 सितंबर 1960 को हस्ताक्षरित एक समझौता है. जिस पर आए दिन दोनों देशों के बीच विवाद की स्थिति बनती रहती है.