मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में फूड पॉइजनिंग से 100 बच्चे बीमार पड़ गए. सभी बच्चों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जानकारी के मुताबिक बच्चों को उल्टी-दस्त की शिकायत के बाद किरनापुर स्वास्थ्य केंद्र में लाया गया था. जहां से उन्हें जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया. डॉक्टर का कहना है कि बच्चे ठीक है.
चाइनीज फूड खाकर बच्चे बीमार हुए
बताया जा रहा है कि बालाघाट जिले किरनापुर क्षेत्र के हिर्री गांव में मड़ई मेले का आयोजन किया गया था. इस मेले में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे. यहां एक चाइनीज फूड के स्टॉल से बच्चों ने चाउमिन और मंचूरियन खाया. इसके बाद बच्चों को पेट में दर्द होने लगा. इसके साथ ही उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी. पहले कुछ बच्चों को किरनापुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया. जब धीरे-धीरे पीड़ित बच्चों की संख्या बढ़ने लगी और 100 पहुंच गई.
सरकारी एंबुलेंस, निजी वाहनों और दूसरी गाड़ियों से बच्चों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया. बताया जा रहा है कि सभी बच्चों की हालत स्थिर है. एक-दो बच्चों का हालत गंभीर बताई जा रही है.
डॉक्टर का इस मामले में क्या कहना है?
ये पूरी घटना शनिवार (21 नवंबर 2026) की बताई जा रही है. किरनापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात डॉक्टर कीर्ति मालाकार का कहना है कि सभी की हालत मढ़ई मेले में चाइनीज फूड खाने से खराब हुई है. पेट दर्द और उल्टी-दस्त की शिकायत के बाद उन्हें यहां भर्ती कराया गया था. इसके बाद सभी को बालाघाट रेफर कर दिया गया.
इतनी बड़ी संख्या में बच्चों के बीमार होने के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है. इस मामले में प्रशासनिक अधिकारियों का बयान सामने नहीं आया है. सबसे बड़ा सवाल उठ रहा है कि आखिर इस घटना के लिए जिम्मेदार कौन है?