महिला की ट्रक से कुचलने से मौत, मृत्यु से कुछ पल पहले सड़क पर दिया बच्ची को जन्म

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 21 Jul 2022 07:54 PM
महिला की ट्रक से कुचलने से मौत, मृत्यु से कुछ पल पहले सड़क पर दिया बच्ची को जन्म
ऑडियो सुनें

फिरोजाबाद. फिरोजाबाद जिले के नारखी क्षेत्र में ट्रक की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गयी लेकिन मौत से चंद लम्हे पहले महिला ने सड़क पर ही एक बच्ची को जन्म दिया. बच्ची पूरी तरह स्वस्थ है. अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) मुकेश चंद्र मिश्रा ने बृहस्पतिवार को बताया कि आगरा जिले का धनौला निवासी रामू अपनी आठ माह की गर्भवती पत्नी कामिनी के साथ मोटरसाइकिल से फिरोजाबाद के नारखी थाना क्षेत्र स्थित वजीरपुर कोटला में अपनी ससुराल जा रहा था.

उन्होंने बताया कि रास्ते में बरतरा गांव के पास पीछे से आ रहे एक ट्रक ने मुकेश की मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी जिससे कामिनी सड़क पर गिर पड़ी और उसने सड़क पर एक बच्ची को जन्म दे दिया. उन्होंने बताया कि टक्कर के बाद ट्रक कुछ क्षण के लिए रुका लेकिन फिर ट्रक चालक ने वाहन तेजी से भगाने का प्रयास किया जिससे ट्रक का पिछला पहिया महिला के सिर पर चढ़ता हुआ निकल गया. इस घटना में महिला की मौत हो गयी जबकि बच्ची पूरी तरह सुरक्षित है. महज चंद लम्हों में जीवन और मौत की इस घटना ने लोगों को हतप्रभ कर दिया. मिश्रा ने बताया कि घटना से नाराज स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दी. शाम को शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu