पाकिस्तान-ईरान की एक-एक महिला पर्वतारोही ने के-2 फतह कर इतिहास रचा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 22 Jul 2022 06:39 PM
पाकिस्तान-ईरान की एक-एक महिला पर्वतारोही ने के-2 फतह कर इतिहास रचा
ऑडियो सुनें

इस्लामबाद. पाकिस्तान और ईरान की एक-एक महिला पर्वतारोही ने शुक्रवार को दुनिया की दूसरी सबसे ऊंची पर्वत चोटी के-2 को फतह कर इतिहास रच दिया. ये दोनों अपने-अपने देश की पहली महिला पर्वतारोही हैं, जिन्होंने यह उपलब्धि हासिल की. पर्वतारोहण से जुड़े अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी.

‘अल्पाइन क्लब आॅफ पाकिस्तान’ के करार हैदरी ने कहा, ‘‘स्थानीय समय के अनुसार सुबह सात बजकर 42 मिनट पर 31 वर्षीय समीना बेग ने के-2 पर चढ़ाई पूरी की. 8611 मीटर ऊंची यह चोटी हिमालय के काराकोरम रेंज में है.’’ इससे पहले वर्ष 2013 में बेग विश्व की सबसे ऊंची चोटी एवरेस्ट फतह करने वाली सबसे पहली पाकिस्तानी महिला बनी थीं. बेग के चढ़ाई पूरी करने के तीन घंटे बाद ही एक अन्य महिला नाइला कियानी ने भी के-2 फतह करने की उपलब्धि हासिल की. इसी के साथ कियानी के-2 फतह करने वाली दूसरी पाकिस्तानी महिला बनीं.

अफसानेह हेसामीफर्द ने भी के-2 फतह की और यह उपलब्धि हासिल करने वाली वह ईरान की पहली महिला पर्वतारोही हैं. ईरानी मीडिया के अनुसार हेसामीफर्द ने इस साल मई में एवरेस्ट को फतह किया था. पर्वतारोहण के लिहाज से के-2 सबसे खतरनाक पर्वत चोटियों में से एक है. इसके शिखर पर 200 किलोमीटर प्रति घंटा से अधिक की रफ्तार से तेज हवा चलती है और तापमान शून्य से 60 डिग्री सेल्सियस नीचे रहता है. पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने बेग को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी है. उन्होंने ट्वीट करके कहा कि बेग पाकिस्तानी महिलाओं की प्रतिबद्धता, साहस और बहादुरी का पर्याय बनकर उभरी हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu