व्हॉट्सएप पर अब नहीं ले पाएंगे ‘व्यू वंस मेसेज’ का स्क्रीनशॉट, नए फीचर की तैयारी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 09 Aug 2022 09:24 PM
व्हॉट्सएप पर अब नहीं ले पाएंगे ‘व्यू वंस मेसेज’ का स्क्रीनशॉट, नए फीचर की तैयारी
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. व्हॉट्सएप एक बार नजर आने वाले ‘व्यू वन्स मेसेज’ का स्क्रीनशॉट लेने पर रोक लगाने जा रही है. इसके लिए त्वरित संदेश सेवा कंपनी जल्द एक नया फीचर लेकर आने वाली है. मेटा के स्वामित्व वाली व्हॉट्सएप ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि नया फीचर आने के बाद ‘व्यू वन्स मेसेज’ श्रेणी वाले संदेशों का अब कोई स्क्रीनशॉट नहीं ले पाएगा. इस तरह के संदेश पाने वाला व्यक्ति जब उसे एक बार पढ़ लेता है तो वह संदेश अपने-आप अदृश्य हो जाता है.

मेटा के संस्थापक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी मार्क जुकरबर्ग ने व्हॉट्सएप पर यह नया फीचर लाने की घोषणा करते हुए कहा कि इससे उपयोगकर्ता की निजता को सुरक्षित रखने में मदद मिलेगी. जुकरबर्ग ने कहा, ‘‘व्हॉट्सएप निजता से जुड़े कुछ नए फीचर लेकर आ रही है. किसी को नोटिफिकेशन मिले बगैर ग्रुप चैट से बाहर निकलने की सुविधा और उपयोगकर्ता को यह नियंत्रण देना कि वह अपने आॅनलाइन होने के बारे में किसे जानकारी देना चाहता है.

इसके अलावा व्यू वंस मेसेज का स्क्रीनशॉट लेने पर रोक लगाने का फीचर भी लाया जा रहा है.’’ उन्होंने कहा कि व्हॉट्सएप उपयोगकर्ताओं के संदेशों को सुरक्षित एवं निजी रखने के लिए नए तरीके लाने की दिशा में काम करती रहेगी. इस तरह आमने-सामने होने वाली बातचीत की तरह व्हॉट्सएप चैट को भी सुरक्षित बनाने की कोशिश की जा रही है.

व्हॉट्सएप ने ‘व्यू वंस मेसेज’ सुविधा हाल ही में शुरू की है जिसके जरिये संदेश को सिर्फ एक बार ही पढ़ा जा सकता है और उसके बाद वह अपने-आप गायब हो जाता है. इस तरह उपयोगकर्ताओं को यह विकल्प मिलता है कि उसके भेजे गए संदेश का कोई डिजिटल रिकॉर्ड नहीं रख सकता है. लेकिन ऐसे संदेशों का भी स्क्रीनशॉट लेने की कुछ शिकायतें मिलने के बाद व्हॉट्सएप ने अब इसमें सुधार करने के लिए नया फीचर लाने की तैयारी की है.

मेटा के बयान के मुताबिक, ‘‘अब व्हॉट्सएप अतिरिक्त सुरक्षा के लिए व्यू वंस मेसेज का स्क्रीनशॉट लेने से रोक लगाने की व्यवस्था कर रहा है. इस फीचर का परीक्षण चल रहा है और जल्द ही उपयोगकर्ताओं के लिए इसे जारी कर दिया जाएगा.’’ इसके साथ ही व्हॉट्सएप इस महीने यह सुविधा भी लेकर आने वाली है जिसमें उपयोगकर्ताओं को यह तय करने का अधिकार होगा कि कौन उन्हें आॅनलाइन होने पर देख सकता है. इसके अलावा ग्रुप चैट में शामिल अन्य उपयोगकर्ताओं को पता चले बगैर उस ग्रुप से निकलने का फीचर भी लाने की तैयारी है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu