जम्मू-कश्मीर : बडगाम मुठभेड़ में आतंकी लतीफ राठेर समेत लश्कर के तीन आतंकवादी ढेर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 10 Aug 2022 10:17 PM
जम्मू-कश्मीर : बडगाम मुठभेड़ में आतंकी लतीफ राठेर समेत लश्कर के तीन आतंकवादी ढेर
ऑडियो सुनें

श्रीनगर. जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले में बुधवार को सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) के तीन आतंकवादी मारे गए. मारे गए इन आतंकवादियों में लतीफ राठेर भी शामिल है जो गत मई में कश्मीरी पंडित कर्मचारी राहुल भट की हत्या में शामिल था. पुलिस ने यह जानकारी दी.

कश्मीर के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कश्मीर मंडल) विजय कुमार ने ट्वीट किया, ‘‘ लश्कर-ए-तैयबा के छिपे हुए तीनों आतंकियों को ढेर कर दिया गया है. घटना स्थल से शव निकाले जा रहे हैं, जिनकी पहचान किया जाना अभी बाकी है. आपत्तिजनक सामग्री, हथियार और गोला-बारूद बरामद किए गए. यह हमारे लिए एक बड़ी सफलता है.’’ कुमार ने बाद में कहा कि मारे गए आतंकवादियों में लतीफ राठेर भी शामिल है, जो इस साल मई में कश्मीरी पंडित कर्मचारी राहुल भट और टीवी अभिनेत्री अमरीन भट की हत्या में शामिल था.

कुमार ने कहा, ‘‘मारे गए तीन आतंकवादियों में आतंकवादी लतीफ राठेर भी शामिल है जो राहुल भट और अमरीन भट का हत्यारा था. वह कई आतंकवादी मामलों में शामिल था जिनमें कई नागरिकों की हत्या और अत्याचार शामिल हैं.’’ आतंकवादियों ने राहुल भट की चदूरा में उनके कार्यालय के अंदर गोली मारकर हत्या कर दी थी, जबकि अमरीन भट को बडगाम जिले के हुशरू इलाके स्थित उनके घर के बाहर आतंकवादियों ने मार दिया था. इससे पहले पुलिस ने कहा था कि मुठभेड़ स्थल पर लश्कर-ए-तैयबा के तीन आतंकवादी मौजूद हैं.

पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि सुरक्षा बलों ने जिले में खानसाहिब इलाके के वाटरहेल में आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद वहां घेराबंदी की और तलाशी अभियान चलाया. उन्होंने बताया कि तलाशी अभियान उस समय मुठभेड़ में तब्दील हो गया, जब आतंकवादियों ने सुरक्षाबलों पर गोलियां चलानी शुरू कर दी.

इससे पहले विजय कुमार ने बताया था कि वांछित आतंकवादी लतीफ राठेर समेत लश्कर के तीन आतंकवादियों को मुठभेड़ स्थल पर घेर लिया गया है. कुमार ने ट्वीट किया, ‘‘मुठभेड़ में आतंकवादी लतीफ राठेर समेत आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के तीन आतंकवादियों को घेर लिया गया है. आतंकवादी लतीफ, राहुल भट और अमरीन भट समेत कई नागरिकों की हत्या में शामिल है.’’

पुलवामा में बरामद हुआ आईईडी, पुलिस ने कहा- ‘बड़ी त्रासदी टली’

देश के 75वें स्वतंत्रता दिवस से कुछ दिन पहले बुधवार को सुरक्षा बलों ने जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में 30 किलोग्राम आईईडी बरामद कर बड़ी त्रासदी को टाल दिया. पुलिस ने यह जानकारी दी. कश्मीर के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक विजय कुमार ने बताया कि पुलिस ने गुप्त सूचना मिलने के बाद आईईडी बरामद किया. एडीजीपी (कश्मीर) ने ट्विटर पर लिखा, ”पुलवामा में सर्कुलर रोड पर तहब क्रॉंिसग के पास पुलिस और सुरक्षा बलों ने लगभग 25 से 30 किलोग्राम आईईडी बरामद किया गया है. पुलवामा पुलिस को मिली गुप्त सूचना के बाद फौरन कार्रवाई हुई और एक बड़ी त्रासदी टल गई.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu