प्रधानमंत्री ने पीएमओ में कार्यरत कर्मचारियों की बेटियों से बंधवाई राखी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 11 Aug 2022 08:13 PM
प्रधानमंत्री ने पीएमओ में कार्यरत कर्मचारियों की बेटियों से बंधवाई राखी
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बृहस्पतिवार को रक्षा बंधन के अवसर पर प्रधानमंत्री कार्यालय में काम करने वाले सफाई र्किमयों, सहायकों और अन्य कर्मचारियों की बेटियों से राखी बंधवाई. प्रधानमंत्री ने एक ट्वीट में इस कार्यक्रम से जुड़ी कुछ तस्वीरें साझा की और कहा, ‘‘इन युवाओं के साथ बहुत विशेष रक्षा बंधन.’’ प्रधानमंत्री कार्यालय के अधिकारियों ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने आवास पर इन लड़कियों से राखी बंधवाई. उनके मुताबिक प्रधानमंत्री को राखी बांधने वालों में सफाईकर्मी, सहायक, माली और वाहन चालकों की बेटियां शामिल थीं.

अधिकारियों ने एक वीडियो भी साझा किया जिसमें प्रधानमंत्री सफाईकर्मी, सहायक, माली और वाहन चालकों की बेटियों से राखी बंधवाते नजर आ रहे हैं. प्रधानमंत्री ने बाद में इससे जुड़Þी कुछ तस्वीरें भी ट्विटर पर साझा कीं और कहा कि इस बार का रक्षा बंधन बहुत खास रहा. इससे पहले प्रधानमंत्री ने ट्वीट कर देशवासियों को रक्षा बंधन की शुभकामनाएं दीं. सावन माह की पूर्णिमा को देश भर में रक्षा बंधन का त्योहार भाई और बहन के बीच प्रेम के प्रतीक के रूप में मनाया जाता है.

पीएमओ के अधिकारियों ने बताया कि रक्षा बंधन समारोह के बाद प्रधानमंत्री ने सभी लड़कियों को एक-एक तिरंगा दिया और ऐसा करके उन्होंने ‘‘हर घर तिरंगा’’ अभियान में भागीदारी की. अधिकारियों द्वारा साझा किए गए एक वीडियो में प्रधानमंत्री बच्चियों के साथ हाथों में तिरंगा लहराते देखे गए.

बाद में प्रधानमंत्री ने ट्वीट कर कुछ तस्वीरें साझा की और कहा, ‘‘तिरंगे के साथ हर भारतीय का एक विशेष लगाव है. मैंने युवा मित्रों को तिरंगा सौंपा. उनके चेहरे की मुस्कान सब कुछ बयां करती है.’’ एक अन्य ट्वीट में मोदी ने कहा कि ‘‘हर घर तिरंगा’’ अभियान को लेकर लोगों में जिस प्रकार का उत्साह देखा जा रहा है, वह देश की एकता और अखंडता के प्रति लोगों की प्रतिबद्धता का संकेत है.
उन्होंने कहा, ‘‘यह भावना भारत को अमृत काल में नयी ऊंचाइयों पर ले जाने वाली है.’’ ज्ञात हो कि केंद्र सरकार ने आजादी की 75वीं वर्षगांठ के मौके पर देश के नागरिकों से 13 से 15 अगस्त के बीच अपने-अपने घरों में तिरंगा लगाने का आग्रह किया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu