जम्मू कश्मीर के बांदीपोरा में प्रवासी मजदूर की गोली मारकर हत्या

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Fri, 12 Aug 2022 06:08 PM
जम्मू कश्मीर के बांदीपोरा में प्रवासी मजदूर की गोली मारकर हत्या

ऑडियो सुनें

श्रीनगर/पटना:  जम्मू कश्मीर के बांदीपुरा जिले में आतंकवादियों ने बिहार के एक प्रवासी मजदूर की गोली मारकर हत्या कर दी. पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि हमला मध्यरात्रि के करीब हुआ. कश्मीर जोन की पुलिस ने ट्वीट कर कहा, ‘‘मध्यरात्रि के दौरान, आतंकवादियों ने बांदीपुरा के सोदनारा संबल में बिहार के मधेपुरा में बेसाढ़ के निवासी प्रवासी मजदूर मोहम्मद अमरेज, पुत्र मोहम्मद जलील पर गोली चलाई और उसे घायल कर दिया.’’ पुलिस ने बताया कि अमरेज को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया.

अमरेज के भाई के बता रहे मोहम्मद तमहीद ने बताया कि वे सोर रहे थे तभी मध्यरात्रि के करीब 12 बजकर 20 मिनट पर उन्होंने गोलियां चलने की आवाज सुनी. उन्होंने बताया, ‘‘हम सो रहे थे, तभी रात करीब 12 बजकर 20 मिनट पर मेरे छोटे भाई ने कहा कि उसने गोलियां चलने की आवाज सुनी है. मैंने उससे कहा कि इस तरह की घटनाएं होती रहती हैं, इसलिए सो जाए. लेकिन उसने मुझे बताया कि वह बाहर देखकर आ रहा है, क्योंकि एक अन्य भाई कमरे में नहीं है.’’

तमहीद ने कहा, ‘‘वह सीढ़ियों से नीचे गया और देखा कि वह (अमरेज) खून से लथपथ है. हमने सेना को बुलाया. वे मौके पर पहुंचे और उसे हजिन ले गए. चिकित्सकों ने उसे श्रीनगर ले जाने को कहा, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई.’’ तमहीद और अमरेज के साथियों ने सरकार से अपील की है कि वह मृतक का शव बिहार ले जाने में उनकी मदद करे. अपनी पार्टी के नेता और बांदीपुरा से पूर्व विधायक उस्मान मजीद ने इस हमले की ंिनदा की है.

उन्होंने कहा, ‘‘ मैं प्रवासी मजदूर मोहम्मद अमरेज की बांदीपुरा जिले के सोदनारा इलाके में हुई हत्या की कड़ी ंिनदा करता हूं. बेगुनाहों की हत्या कोई बहादुरी नहीं है, बल्कि पूरी तरह से कायराना हमला है, जिसकी कड़ी ंिनदा की जानी चाहिये. मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवार के साथ है. ’’ अमरेज चौथा प्रवासी है, जिसकी इस साल कश्मीर में लक्षित हत्या की गई है.

आतंकी हमले में मारे गये मजदूर के परिवार के लिए नीतीश ने दो लाख रूपये की घोषणा की

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा में आतंकियों के हमले में हुई बिहार के मजदूर मोहम्मद अमरेज की मौत को काफी दुखद बताया है और उसके परिवार को मुख्यमंत्री राहत कोष से दो लाख रूपये देने की घोषणा की है. मुख्यमंत्री ने साथ ही अधिकारियों को श्रम संसाधन विभाग एवं समाज कल्याण विभाग की योजनाओं से नियमानुसार अन्य लाभ दिलाने का निर्देश दिया है.

उन्होंने दिल्ली में बिहार के स्थानीय आयुक्त को मृतक के पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव पहुंचाने के लिये सभी समुचित व्यवस्था करने का निर्देश दिया है. कश्मीर जोन की पुलिस ने ट्वीट कर कहा, ‘‘ बांदीपोरा के सोदनारा संबल में आतंकवादियों ने बिहार के मधेपुरा के बेसाढ़ के मजदूर मोहम्मद अमरेज पर गोली चलाई और उसे घायल कर दिया.’’ वहां की पुलिस ने बताया कि अमरेज को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया.

By Nandkishoryadav