रायगढ़ के एक गांव में बुजुर्ग महिला समेत परिवार के तीन सदस्य मृत पाए गए

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 31 Mar 2022 10:18 PM
ऑडियो सुनें

रायगढ़. छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के एक गांव में बृहस्पतिवार को 65 वर्षीय महिला, उसका बेटा और नाबालिग पोती अपनी झोपड़ी में मृत पाए गए. पुलिस ने यह जानकारी दी. पुलिस के मुताबिक सभी शवों के सिर पर किसी नुकीली चीज से चोट के निशान थे, जिससे लगता है कि उनकी हत्या की गई है. एक अधिकारी ने यहां बताया कि घटना कापू थाना क्षेत्र के धवाईदाद गांव की है और मृतकों की पहचान दुहनी बाई, उनके बेटे अमृत लाल (40) और पोती अमृता बाई (14) के रूप में हुई है.

अधिकारी के मुताबिक प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तीनों बुधवार को महुआ के फूल लेने के लिए पास के जंगल में गए थे और रात में गांव के बाहरी इलाके में स्थित अपनी झोपड़ी में लौट आए थे. यह इलाका राजधानी रायपुर से लगभग 250 किमी दूर है. बृहस्पतिवार की सुबह कुछ स्थानीय लोगों ने तीनों को खून से लथपथ देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया. पुलिस ने मामला दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू कर दी है.

 

By Yogesh Kumar Sahu