CUET में तकनीकी गड़बड़ी झटका नहीं, JEE एवं NEET के विलय की योजना में जल्दी नहीं : UGC

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 16 Aug 2022 07:35 PM
CUET में तकनीकी गड़बड़ी झटका नहीं, JEE एवं NEET के विलय की योजना में जल्दी नहीं : UGC
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के अध्यक्ष एम जगदीश कुमार ने कहा कि साझा विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा (सीयूईटी) के प्रारंभिक चरण में आई तकनीकी गड़बड़ी से इस महत्वपूर्ण परीक्षा के विस्तार के योजना पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा जिसमें जेईई और नीट के विलय का प्रस्ताव किया गया है.

कुमार ने ‘पीटीआई भाषा’ को दिए एक साक्षात्कार में कहा, ‘‘ सीयूईटी-यूजी के पहले चरण में आई तकनीकी गड़बड़ी कोई झटका नहीं है बल्कि यह एक सबक है . इसे आने वाले समय में दूर कर लिया जायेगा तथा इसके कारण इस महत्वपूर्ण परीक्षा के विस्तार की योजना पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा .’’ ज्ञात हो कि कुमार ने पूर्व में कहा था कि आने वाले समय में इंजीनियंिरग प्रवेश परीक्षा जेईई और मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट का सीयूईटी के साथ विलय किया जायेगा .

यूजीसी के अध्यक्ष ने कहा, ‘‘ राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत ऐसी योजना है कि कई प्रवेश परीक्षाओं में उपस्थित होने के कारण छात्रों पर पड़ने वाले बोझ को कम करने के लिये एक साझा प्रवेश परीक्षा हो . हालांकि हम इसे पेश करने की जल्दबाजी में नहीं हैं क्योंकि हमें इसके लिये अच्छी तरह से योजना बनाने की जरूरत है. ’’ यह पूछे जाने पर कि कब तक विलय किया जा सकता है, उन्होंने कहा कि इसकी रूपरेखा अभी तय किया जाना बाकी है.

कुमार ने कहा, ‘‘ इस महीने के अंत तक एक विशेषज्ञ समिति का गठन किया जायेगा . यह समिति देश और विदेश में आयोजित होने वाली महत्वपूर्ण प्रवेश परीक्षाओं का अध्ययन करेगी . अगर हमें अगले वर्ष परीक्षा की शुरूआत करना है, तब इसकी व्यापकता को देखते हुए इसकी तैयारी अभी से शुरू हो जानी चाहिए . ’’ सीयूईटी-यूजी का पहला संस्करण जुलाई में शुरू हुआ है और इसकी कई तकनीकी गड़बड़ियां सामने आईं जिसके कारण राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) को कई केंद्रों पर परीक्षा स्थगित करनी पड़ी . कई छात्रों को परीक्षा से पहले, रात में सूचित किया गया और कई छात्रों को परीक्षा केंद्र से भी लौटना पड़ा .

यूजीसी के अध्यक्ष ने कहा था कि गड़बड़ियों की खबरों के बाद कुछ केंद्रों पर परीक्षा रद्द कर दी गई थी . सीयूईटी-यूजी के चौथे चरण की परीक्षा बुधवार को शुरू होगी. सभी केंद्रीय विश्वविद्यालयों में दाखिले के लिये सीयूईटी परीक्षा के लिये 14.9 लाख छात्रों ने पंजीकरण कराया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu