अपने घर में पार्टी के बाद जारी विवादास्पद तस्वीर को लेकर फिनलैंड की प्रधानमंत्री ने जताया खेद

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 24 Aug 2022 07:08 PM
अपने घर में पार्टी के बाद जारी विवादास्पद तस्वीर को लेकर फिनलैंड की प्रधानमंत्री ने जताया खेद
ऑडियो सुनें

कोपेनहेगन. फिनलैंड की प्रधानमंत्री सना मारिन ने अपने आधिकारिक ग्रीष्मकालीन आवास पर दो महिलाओं के अर्द्धनग्न अवस्था में होने और एक दूसरे को चूमने की तस्वीर जारी होने के बाद खेद जताया है. इससे पहले एक वीडियो में मारिन को अपने दोस्तों के साथ नाचते और गाते देखा गया था जिसके बाद इस बात को लेकर बहस शुरू हो गयी कि क्या 36 वर्षीय प्रधानमंत्री को इस तरह से पार्टी करने का अधिकार है या नहीं.

मारिन ने इस बात की पुष्टि की है कि जुलाई की शुरुआत में एक संगीत समारोह के बाद उनके आधिकारिक आवास के बाथरूम में ली गयी तस्वीर में वह स्वयं नहीं हैं और यह दो महिलाओं की तस्वीर है. इनमें से एक महिला ने खबरों के मुताबिक खुद यह तस्वीर डाली और बाद में इसे हटा लिया गया. उसकी पहचान सोशल मीडिया पर प्रभाव डालने वाली महिला के तौर पर की गयी है.

फिनलैंड के सरकारी प्रसारक वाईएलई के अनुसार मारिन ने मंगलवार को कहा, ‘‘मेरी राय में तस्वीर सही नहीं है. मैं इसके लिए खेद जताती हूं. तस्वीर नहीं ली जानी चाहिए थी.’’ इससे पहले पिछले सप्ताह लीक हुए एक वीडियो में प्रधानमंत्री मारिन एक निजी पार्टी में दोस्तों के साथ नाचती और गाती नजर आ रही हैं.

मध्यमार्गी-वामपंथी ‘सोशल डेमोक्रेटिक’ पार्टी का नेतृत्व करने वाली मारिन को पार्टी के बारे में सवालों की बौछार का सामना करना पड़ा : क्या पार्टी में मादक पदार्थ थे? शराब थी? वह काम कर रही थीं या गर्मी की छुट्टी पर थीं? क्या प्रधानमंत्री इतने होश में थीं कि किसी आपात स्थिति से निपटने में वह सक्षम थीं? पार्टी में जाहिर तौर पर किसी ने यह वीडियो बनाया था जो सोशल मीडिया पर लीक हो गया और फिनलैंड की मीडिया का इस पर ध्यान गया.

मारिन ने यह स्वीकार किया कि उन्होंने और उनके दोस्तों ने पार्टी की और उसमें शराब का इस्तेमाल हुआ लेकिन, उनकी जानकारी में वहां कोई मादक पदार्थ नहीं था. उन्होंने शुक्रवार को कहा कि उन्होंने मादक पदार्थों के बारे में अटकलों पर विराम लगाने के लिए ‘ड्रग टेस्ट’ कराया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu