
शाहजहांपुर. बीमा राशि हड़पने और मुकदमे में सजा से बचने के लिए खुद को मृत घोषित करवा कर नए नाम से शाहजहांपुर में रह रहे एक व्यक्ति को पुलिस ने बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया है. अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) संजय कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि मुरादाबाद में रहने वाले व्यक्ति मुकेश यादव (42) पर हत्या के प्रयास, डकैती तथा लूट समेत कई गंभीर आरोपों में आठ मुकदमे दर्ज थे.
उसने इन मामलों में सजा से बचने और अपनी बीमा पॉलिसी के दावे की रकम लेने के लिए योजना बनाकर वर्ष 2015 में उत्तराखंड प्रदेश के उधम सिंह नगर जिले में शव विच्छेदन गृह के एक कर्मचारी से मिलीभगत कर एक अज्ञात व्यक्ति के शव की जेब में अपना परिचय पत्र रखवा दिया जिससे उसकी शिनाख्त मृतक के रूप में हो गई. उन्होंने बताया कि आरोपी इसके बाद शाहजहांपुर के रोजा इलाके में आकर रहने लगा और उसने अपना नाम मुनेश यादव उर्फ राज यादव रख लिया. उसने अपने नए नाम से ही आधार कार्ड तथा पासपोर्ट भी बनवा लिया.
कुछ दिन बाद उसने अपनी पत्नी और बच्चों को भी शाहजहांपुर बुलवा लिय. आरोपी पर मुरादाबाद के विभिन्न थानों में आठ मुकदमे दर्ज होने की जानकारी किसी तरह मोहल्ले के किसी व्यक्ति को हो गई और उसने पुलिस को इसकी सूचना दे दी. कुमार ने बताया कि इसके बाद स्थानीय पुलिस ने मुरादाबाद पुलिस से जानकारी ली और यादव को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी ने पुलिस के सामने अपना गुनाह कबूल करते हुए पूरी कहानी बताई. कुमार ने बताया कि पुलिस ने यादव को जेल भेज दिया है.



