दुमका में एकतरफा प्यार में मुस्लिम युवक ने युवती को जिंदा जलाया; मौत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 28 Aug 2022 07:13 PM
दुमका में एकतरफा प्यार में मुस्लिम युवक ने युवती को जिंदा जलाया; मौत
ऑडियो सुनें

दुमका/रांची. झारखंड के दुमका में मंगलवार को शाहरुख नामक एक युवक ने एकतरफा प्यार में असफल होने पर 12वीं कक्षा में पढ़ने वाली 19 साल की युवती को जिंदा जला दिया जिससे उसकी मौत हो गई. दुमका के पुलिस अधीक्षक अंबर लकड़ा ने ‘पीटीआई/भाषा’ को बताया कि रांची स्थित रिम्स में इलाज के दौरान रविवार तड़के ढाई बजे युवती की मौत हो गयी.

उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद युवती अंकिता का शव दुमका लाया जायेगा. उन्होंने बताया कि युवती के जेरुवाडीह मोहल्ले स्थित घर पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किये गये हैं. गौरतलब है कि 23 अगस्त को अल्पसंख्यक समुदाय से ताल्लुक रखने वाले शाहरुख ने एकतरफा प्यार में असफल होने पर पड़ोस के व्यवसायी संजीव सिंह की 19 वर्षीय बेटी अंकिता पर देर रात सोते समय खिड़की से पेट्रोल उड़ेल कर आग लगा दी थी, जिसमें वह 90 प्रतिशत जल गयी थी.

घटना से क्षेत्र में सांप्रदायिक तनाव व्याप्त हो गया है और बजरंग दल एवं विश्व हिंदू परिषद के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने आज दुमका बाजार में बंद रखा और विरोध प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने शाहरुख के खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाने की मांग की है.

पुलिस ने बताया कि घटना के बाद अंकिता को रांची स्थित रिम्स में भर्ती कराया गया था, जहां कार्यपालक दंडाधिकारी चन्द्रदीप सिंह ने उसका बयान दर्ज किया, जिसे अब पीड़िता का मृत्यु पूर्व अंतिम बयान मान लिया गया है. पुलिस ने बताया कि शाहरुख पिछले कुछ समय से अंकिता को परेशान कर रहा था और जब वह प्रेम संबंध रखने को राजी नहीं हुई तो आरोपी ने धमकी दी थी, ‘‘अगर मेरा कहा नहीं मानेगी तो तुम्हें मार डालूँगा.’’ पुलिस ने आरोपी युवक शाहरुख को गिरफ्तार कर मंगलवार को ही न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu