व्यक्ति ने पत्नी, बच्चों को धर्म परिवर्तन के लिए गुमराह करने का आरोप लगाया, आत्महत्या का किया प्रयास

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 29 Aug 2022 07:38 PM
व्यक्ति ने पत्नी, बच्चों को धर्म परिवर्तन के लिए गुमराह करने का आरोप लगाया, आत्महत्या का किया प्रयास
ऑडियो सुनें

पालनपुर. गुजरात के बनासकांठा जिले के एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और दो बच्चों के इस्लाम धर्म अपनाने और उससे अलग रहने के फैसले के कारण अवसाद में आकर कथित तौर पर आत्महत्या करने की कोशिश की. पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी.
उन्होंने बताया कि पुलिस ने हरेश सोलंकी की पत्नी और बच्चों को इस्लाम कबूल करने के लिए कथित तौर पर ‘गुमराह’ करने और सोलंकी को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में सोहेल शेख और उसके परिवार के चार अन्य सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज किया है.

पालनपुर (पूर्व) पुलिस थाना के एक अधिकारी ने बताया कि दो आरोपियों को सोमवार को गिरफ्तार किया गया. बनासकांठा के दीसा तालुका के मलगढ़ गांव के रहने वाले सोलंकी ने कथित तौर पर जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास किया. पुलिस ने कहा कि सोलंकी का पालनपुर शहर के एक निजी अस्पताल में इलाज हो रहा है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है.

रविवार शाम पालनपुर (पूर्व) पुलिस थाना में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, सोलंकी के पास से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें उसने कहा है कि शेख के परिवार के सदस्य उसकी इस मनोस्थिति के लिए जिम्मेदार हैं, जिसने उसे आत्महत्या का कदम उठाने के लिए मजबूर किया. सोलंकी के भाई राजेश ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने सोलंकी के परिवार के सदस्यों को इस्लाम धर्म कबूलने के लिए ‘‘गुमराह’’ किया.

शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने सोलंकी की पत्नी और बच्चों को गुजरात उच्च न्यायालय में बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका के तहत बयान देने को भी कहा कि उन्होंने अपनी मर्जी से ऐसा किया और वे अलग रहना चाहते हैं. शिकायत में कहा गया है कि सोलंकी की बेटी अपने कॉलेज में एजाज शेख नाम के एक शख्स के संपर्क में आई थी और जब उसके परिजनों ने दोनों की दोस्ती का विरोध किया तो उसने उसके साथ रहने की जिद की.

शिकायत के अनुसार, बाद में उसकी मां और भाई ने भी उसका साथ दिया तथा उन तीनों ने घर पर ही नमाज अदा की. शिकायत में कहा गया है कि जब संयुक्त परिवार के कुछ सदस्यों ने इसका विरोध किया तो सोलंकी की पत्नी, बेटी और बेटा घर छोड़कर शेख परिवार के सहयोग से अलग रहने लगे. हालांकि, बाद में उनका पता नहीं चल सका.

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि जब सोलंकी ने शेख परिवार से बात की और अपनी पत्नी व बच्चों का पता लगाने की कोशिश की तो आरोपियों ने सोलंकी को उसके परिवार से मिलाने के लिए 25 लाख रुपये की मांग की. शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने कथित तौर पर कहा था कि सोलंकी भी अगर धर्म परिवर्तन कर ले तो वह अपने परिजनों से मिल सकेगा और उनके साथ रह सकेगा.

पुलिस अधिकारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर शेख परिवार के पांच सदस्यों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 306 (आत्महत्या के लिए उकसाने), 384 (जबरन वसूली) और 506 (आपराधिक धमकी) के तहत मामला दर्ज किया गया है. इन आरोपियों में से दो को गिरफ्तार कर लिया गया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu