बकाया वेतन मांगे जाने पर तबादला, निजी कंपनी के सात कर्मचारियों ने जहर खाया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 01 Sep 2022 08:46 PM
बकाया वेतन मांगे जाने पर तबादला, निजी कंपनी के सात कर्मचारियों ने जहर खाया
ऑडियो सुनें

इंदौर. इंदौर में बकाया वेतन मांगे जाने पर अन्य कारखाने में तबादला किए जाने से परेशान होकर एक निजी कम्पनी के सात कर्मचारियों ने बृहस्पतिवार को कथित रूप से एक साथ जहर खाकर जान देने की कोशिश की. पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी.

उप निरीक्षक अजय सिंह कुशवाह ने बताया कि परदेशीपुरा थाना क्षेत्र में अज्ञात जहरीला पदार्थ खाने वाले सातों लोगों को महाराजा यशवंतराव चिकित्सालय (एमवायएच) में भर्ती कराया गया जहां उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है. उन्होंने बताया कि सातों कर्मचारी मॉड्यूलर किचन में प्रयोग होने वाला सामान बनाने वाली निजी कंपनी के कारखाने में काम करते थे.

कुशवाह ने शुरुआती जांच के हवाले से बताया कि कम्पनी के मालिकों ने इन कर्मचारियों को पिछले कई माह से वेतन नहीं दिया था और उनका तबादला अन्य कारखाने में कर दिया था जिससे वे परेशान चल रहे थे. उप निरीक्षक ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है.

इस बीच, मामले से संबंधित कर्मचारियों के सहकर्मी अनिल निगम ने बताया कि उनके साथियों ने निजी कंपनी के दफ्तर के सामने जहर खाया. उन्होंने दावा किया कि कंपनी के मालिकों ने यह कहते हुए उन्हें बृहस्पतिवार (एक सितंबर) से काम पर आने से मना कर दिया था कि उनकी अब कोई जरूरत नहीं रह गई है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu