सागर और भोपाल में चार चौकीदारों की हत्या के मामले में ‘सीरियल किलर’ गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 02 Sep 2022 08:07 PM
सागर और भोपाल में चार चौकीदारों की हत्या के मामले में ‘सीरियल किलर’ गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

भोपाल. मध्यप्रदेश पुलिस ने राज्य के सागर एवं भोपाल शहरों में पिछले पांच दिनों में चार चौकीदारों की हत्या करने के मामले में शुक्रवार को एक युवक को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इसकी जानकारी दी. पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किये गये युवक की पहचान शिव प्रसाद धुर्वे (18) के रूप में उसके आधार कार्ड से हुई है. उन्होंने बताया कि उसने सागर शहर में तीन चौकीदारों और भोपाल में एक चौकीदार की हत्या की है . उन्होंने बताया कि घटना के वक्त ये चारों चौकीदार ड्यूटी पर थे और सो रहे थे.

पुलिस ने बताया कि उसने शुक्रवार को गिरफ्तारी से कुछ घंटे पहले भोपाल में चौकीदार की हत्या कर दी थी. सागर के पुलिस अधीक्षक तरुण नायक ने कहा कि 18 साल और आठ महीने के धुर्वे ने चार हत्याओं को कबूल करते हुए कहा कि वह सोशल मीडिया से प्रभावित था और प्रसिद्ध होने के लिए उसने इन घटनाओं को अंजाम दिया. पुलिस इस साल मई में सागर में एक अन्य चौकीदार की हत्या में उसकी भूमिका की भी जांच कर रही है. धुर्वे की मानसिक स्थिति के बारे में पूछे जाने पर नायक ने कहा कि वह सामान्य प्रतीत होता है. नायक ने कहा कि यह ‘साइको किलर’ मामला नहीं है.

इससे पहले, राज्य के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने यहां मीडियार्किमयों को बताया कि चार चौकीदारों की हत्या के आरोपी धुर्वे को सागर पुलिस ने भोपाल में शुक्रवार तड़के मोबाइल फोन की लोकेशन के आधार पर गिरफ्तार किया. उन्होंने कहा, ‘‘प्रदेश के सागर में ‘सीरियल कींिलग’ के मामले में पुलिस ने आरोपी को भोपाल से गिरफ्तार कर लिया है. भोपाल में पकड़े जाने से पहले उसने यहां एक और चौकीदार की हत्या की थी, जिसे उसने पुलिस पूछताछ में कबूल किया है.’’

मिश्रा ने बताया, ‘‘यह एक कठिन काम था, यह ‘ब्लाइंड मर्डर’ था. लेकिन मैं सागर पुलिस को बधाई देता हूं क्योंकि वे उसका पीछा करते हुए भोपाल आये. आरोपी सीरियल किंिलग के दूसरे या तीसरे पीड़ित का मोबाइल ले आया था, जिसका पीछा करते-करते सागर पुलिस भोपाल तक आई और भोपाल से उसे गिरफ्तार कर लिया.’’ मिश्रा ने कहा कि गिरफ्तार किया गया आरोपी सागर जिले के केसली थाने के अंतर्गत रहता है. उन्होंने कहा कि हम उससे और अधिक जानकारी हासिल करने के लिए उससे पूछताछ कर रहे हैं.

मिश्रा ने सागर पुलिस को इन हत्याओं की गुत्थी सुलझाने के लिए बधाई दी. इसी बीच, भोपाल में खजूरी पुलिस थाना प्रभारी संध्या मिश्रा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘भोपाल में भी बृहस्पतिवार-शुक्रवार की देर रात को अज्ञात व्यक्ति ने एक चौकीदार की हत्या कर दी है. यह घटना शहर के खजूरी कलां क्षेत्र में एक मार्बल की दुकान में हुई.’’ उन्होंने कहा कि अज्ञात आरोपी ने चौकीदार सोनू वर्मा (23) को मार्बल के पिलर से मार कर हत्या कर दी.

संध्या ने बताया कि खजूरीकलां क्षेत्र स्थित गोरा मार्बल की दुकान में चौकीदार का काम करता था और घटना के वक्त अपनी ड्यूटी पर तैनात था. उन्होंने कहा कि घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले में जांच शुरू की. राज्य के सागर शहर में तीन दिन में अलग-अलग घटनाओं में तीन चौकीदारों की हत्या कर दी गई, जिससे वहां दहशत फैल गई.

सागर के कैंट थाना क्षेत्र में 28-29 अगस्त की दरम्यानी रात एक कारखाने में तैनात चौकीदार कल्याण लोधी (50) के सिर पर हथौड़ा मारकर हत्या कर दी गई थी, जबकि दूसरी घटना में सिविल लाइन थाना क्षेत्र में 29-30 अगस्त की दरम्यानी रात कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय में ड्यूटी पर तैनात एक अन्य चौकीदार शंभू नारायण दुबे (60) की सिर पर पत्थर मार कर हत्या कर दी गई. तीसरी घटना में सागर के मोती नगर थाना इलाके में 30-31 अगस्त की दरम्यानी रात अज्ञात आरोपी ने एक मकान की रखवाली करने वाले मंगल अहिरवार के सिर पर प्रहार कर हत्या कर दी थी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu