“बैग में बम” के मजाक पर परिवार को माफीनामा लिखकर इंदौर हवाई अड्डे से बैरंग लौटना पड़ा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 07 Sep 2022 09:11 PM
“बैग में बम” के मजाक पर परिवार को माफीनामा लिखकर इंदौर हवाई अड्डे से बैरंग लौटना पड़ा
ऑडियो सुनें

इंदौर. इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षा जांच के दौरान अपने बैग में बम होने का ऊटपटांग मजाक करना एक परिवार को महंगा पड़ गया. तलाशी और पूछताछ से गुजरने के बाद इस परिवार को माफीनामा लिखकर देना पड़ा एवं हवाई अड्डे से बैरंग लौटना पड़ा. हवाई अड्डे के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी.

हवाई अड्डे के निदेशक सी वी रवींद्रन ने बताया कि सोमवार रात एक उड़ान में सवार होने पहुंचे एक परिवार के मुखिया पुरुष ने सुरक्षा जांच के दौरान चुहल करते हुए अपने एक बैग में बम रखे होने की बात कही जिससे सुरक्षा र्किमयों के कान खड़े हो गए. उन्होंने बताया कि सुरक्षा र्किमयों ने इस परिवार के सदस्यों को उड़ान में सवार होने से रोकते हुए उनके सामान की अच्छी तरह तलाशी ली और उनसे पूछताछ की. हवाई अड्डा निदेशक के मुताबिक इस परिवार में पति-पत्नी और उनकी एक बच्ची शामिल थी.

रवींद्रन ने बताया,‘‘पूछताछ के दौरान संबंधित व्यक्ति ने सुरक्षा र्किमयों से माफी मांगते हुए कहा कि वह बैग में बम होने के बारे में मजाक कर रहा था. उसके परिवार के सामानों की तलाशी में कुछ भी आपत्तिजनक नहीं मिला.’’ उन्होंने बताया कि तलाशी और पूछताछ के बीच इस परिवार की उड़ान छूट गई और इसके सभी सदस्यों को हवाई अड्डे से बैरंग लौटना पड़ा.

एयरोड्रम पुलिस थाने के प्रभारी संजय शुक्ला ने बताया कि हवाई अड्डे की सुरक्षा का जिम्मा संभालने वाले केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के अधिकारियों ने बैग में बम होने का मजाक करने वाले से व्यक्ति से माफीनामा लिखवाया और इसके बाद ही उसे परिवार समेत हवाई अड्डा परिसर छोड़ने की अनुमति दी. शुक्ला ने बताया कि फिलहाल इस मामले को जांच के लिए पुलिस को नहीं सौंपा गया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu