सीयूईटी-यूजी के नतीजे 15 सितंबर तक होंगे घोषित

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 09 Sep 2022 07:04 PM
सीयूईटी-यूजी के नतीजे 15 सितंबर तक होंगे घोषित
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के अध्यक्ष जगदीश कुमार ने शुक्रवार को कहा कि विश्वविद्यालयीन सामान्य प्रवेश परीक्षा (सीयूईटी) के स्रातक के परिणाम 15 सितंबर तक घोषित किए जाएंगे. स्रातक पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए जरूरी सीयूईटी-यूजी की परीक्षा पहली बार जुलाई में हुई और 30 अगस्त को खत्म हुई. परीक्षा में 60 फीसदी अभ्यर्थी बैठे थे.

कुमार ने कहा, ‘‘राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) सीयूईटी-यूजी के परिणाम 15 सितंबर तक घोषित कर सकती है या संभव हुआ तो कुछ दिन पहले भी नतीजे घोषित किए जा सकते हैं.’’ उन्होंने कहा, ‘‘इसमें शामिल सभी विश्वविद्यालय सीयूईटी-यूजी के परिणाम के आधार पर स्रातक पाठ्यक्रमों में दाखिले की प्रक्रिया शुरू करने के लिए अपने वेब पोर्टल को तैयार रखें.’’ शुरुआती योजना के अनुसार, सीयूईटी-यूजी के सभी चरणों की परीक्षा 20 अगस्त को खत्म होनी थी, लेकिन परीक्षा टाल दी गयी और उसे छात्रों की सुविधाओं के लिए छह चरणों में विभाजित कर दिया गया. हालांकि, तकनीकी खमियों के कारण कई बार परीक्षाओं में खलल पड़ा और उनका कार्यक्रम पुन: निर्धारित करना पड़ा.

यूजीसी प्रमुख ने पहले कहा था कि ‘जानबूझकर गड़बड़ी किये जाने’ की खबरों के बाद कई केंद्रों पर परीक्षा रद्द करनी पड़ी थी.
सीयूईटी देश में दूसरी सबसे बड़ी प्रवेश परीक्षा है और इसमें 14.9 लाख छात्र पंजीकृत हैं, जो जेईई-मेन के लिए औसत पंजीकरण नौ लाख से कहीं अधिक है. नीट-यूजी भारत की सबसे बड़ी प्रवेश परीक्षा है और इसमें औसतन 18 लाख पंजीकरण होते हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu