बिहार : एडमिट कार्ड पर प्रधानमंत्री, राज्यपाल और धोनी की तस्वीरें, जांच के आदेश

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 11 Sep 2022 07:44 PM
बिहार : एडमिट कार्ड पर प्रधानमंत्री, राज्यपाल और धोनी की तस्वीरें, जांच के आदेश
ऑडियो सुनें

पटना. बिहार में एक विश्वविद्यालय द्वारा परीक्षार्थियों को जारी किए गए एडमिट कार्ड पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, दिग्गज क्रिकेटर महेंद्र ंिसह धोनी और बिहार के राज्यपाल फागू चौहान की तस्वीरें पायी गयी हैं. ये परीक्षार्थी मधुबनी, समस्तीपुर और बेगूसराय जिलों में स्थित कॉलेजों के बीए तृतीय वर्ष के छात्र बताए गए हैं. ये सभी कॉलेज ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय से संबद्ध हैं, जिसका मुख्यालय दरभंगा में है.

विश्वविद्यालय के पंजीयक मुश्ताक अहमद ने कहा, ‘‘इन गड़बड़ियों पर गंभीरतापूर्वक संज्ञान लिया गया है. ये गड़बड़ियां सोशल मीडिया के जरिए उजागर हुईं. जांच का आदेश दिया गया है और संबंधित छात्रों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है. प्राथमिकी भी दर्ज करायी जा सकती है.’’ उन्होंने बताया कि एडमिट कार्ड आॅनलाइन जारी किए जाते हैं और संबंधित छात्र इन्हें डाउनलोड करते हैं तथा इन सभी छात्रों को विशिष्ट लॉगइन विवरण दिए जाते हैं.

पंजीयक ने कहा, ‘‘छात्रों को तस्वीरें तथा अन्य जानकारियां अपलोड करनी होती हैं, जिसके बाद हम एडमिट कार्ड बनाते हैं. ऐसा लगता है कि कुछ छात्रों ने गैर जिम्मेदाराना शरारत की है.’’ उन्होंने कहा, ‘‘जांच के बाद कड़ी कार्रवाई की जाएगी. इस प्रकरण से विश्वविद्यालय का नाम खराब हुआ है. प्रधानमंत्री तथा राज्यपाल की तस्वीरों का दुरुपयोग भी गंभीर मामला है.’’ गौरतलब है कि कुछ साल पहले मुजफ्फरपुर में भी ऐसा ही मामला सामने आया था जब एक छात्र के एडमिट कार्ड पर पिता और मां के नाम पर बॉलीवुड कलाकार इमरान हाशमी तथा सनी लियोनी का नाम दिखाई दिया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu