प्रधानमंत्री को मिले 1,200 उपहारों को नीलाम किया जाएगा, पैसा नमामी गंगा मिशन को जाएगा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 11 Sep 2022 08:08 PM
प्रधानमंत्री को मिले 1,200 उपहारों को नीलाम किया जाएगा, पैसा नमामी गंगा मिशन को जाएगा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. खिलाड़ियों और राज नेताओं सहित विभिन्न क्षेत्रों के लोगों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मिले 1,200 से अधिक उपहारों को 17 सितंबर से नीलाम किया जाने वाला है तथा इससे मिलने वाला पैसा नमामी गंगा मिशन को दिया जाएगा. राष्ट्रीय आधुनिक कला संग्रहालय के महानिदेशक अद्धैत गडनायक ने कहा कि नीलामी वेब पोर्टल ‘पीएममेमेंटोज.जीओवी.इन’ के जरिये की जाएगी और यह दो अक्टूबर को संपन्न होगी.

इसी संग्रहालय में इन उपहारों को रखा गया है. गडनायक ने कहा कि आम आदमी से लेकर, भारत की समृद्ध संस्कृति और धरोहर का प्रतिनिधित्व करने वाले विभिन्न गणमान्य लोगों द्वारा भेंट किये गये उपहारों सहित कई अन्य उपहारों को नीलाम किया जाएगा.
उपहारों का आधार मूल्य 100 रुपये से लेकर 10 लाख रुपये की श्रेणियों में रखा गया है.

उपहारों की सूची में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज ंिसह चौहान द्वारा भेंट की गई रानी कमलापति की प्रतिमा, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा भेंट की गई एक हनुमान मूर्ति और एक सूर्य पेंटिंग तथा हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा भेंट किया गया एक त्रिशूल शामिल हैं.

इनमें राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता अजीत पवार द्वारा भेंट की गई देवी महालक्ष्मी की मूर्ति और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी द्वारा भेंट की गई भगवान वेंकटेश्वर की कलाकृति (दीवार पर लटकाने वाली) भी शामिल हैं. प्रधानमंत्री मोदी को मिले उपहारों की नीलामी का यह चौथा संस्करण है.

संग्रहालय की निदेशक तेमसुनारो जमीर ने कहा कि पदक विजेता खिलाड़ियों के हस्ताक्षर वाली टी-शर्ट, मुक्केबाजी के दस्ताने और भाला आदि खेल की वस्तुओं का एक विशेष संग्रह है. उन्होंने कहा कि उपहारों में पेंटिंग, मूर्तियां, दस्तकारी और लोक कलाकृतियां भी शामिल हैं. उन्होंने कहा कि अन्य वस्तुओं में अयोध्या में बन रहे श्री राम मंदिर और काशी विश्वनाथ मंदिर की प्रतिकृतियां तथा मॉडल शामिल हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu