श्रीनगर में आतंकवादी हमले में सीआरपीएफ के एक जवान की मौत,एक घायल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 04 Apr 2022 06:51 PM
श्रीनगर में आतंकवादी हमले में सीआरपीएफ के एक जवान की मौत,एक घायल

ऑडियो सुनें

श्रीनगर. यहां के मैसूमा इलाके में सोमवार को आतंकवादियों की गोलीबारी में केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के एक जवान की मौत हो गई, वहीं एक अन्य जवान घायल हो गया. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि आतंकवादियों ने मैसूमा में सीआरपीएफ के जवानों पर गोलियां चलाईं, जिसमें दो जवान घायल हो गए.

उन्होंने बताया कि घायलों को एसएमएचएस अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने एक जवान को मृत घोषित कर दिया, वहीं एक अन्य का उपचार चल रहा है. उन्होंने बताया कि आतंकवादियों को पकड़ने के लिए इलाके की घेराबंदी करके तलाश अभियान चलाया जा रहा है. इससे पहले, दिन में पुलवामा जिले में आतंकवादियों के हमले में बिहार के दो मजदूर घायल हो गए थे.

जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में आतंकवादियों ने दो लोगों को गोली मारी

जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में सोमवार को आतंकवादियों ने गैर-स्थानीय दो लोगों को गोली मार दी. अधिकारियों ने बताया कि पिछले 24 घंटों में गैर-स्थानीय लोगों पर आतंकवादियों का यह दूसरा हमला है. उन्होंने बताया, ‘‘पुलवामा के लाजूरा में सोमवार दोपहर में आतंकवादियों ने पटलेश्वर कुमार और जाको चौधरी पर गोलियां चलायीं. दोनों बिहार के रहने वाले हैं.’’ उन्होंने बताया कि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. अधिकारी ने बताया कि और जानकारी की प्रतीक्षा है. इससे पहले आतंकवादियों ने रविवार की शाम पुलवामा के नौपोरा इलाके में दो गैर-स्थानीय मजदूरों को गोली मार दी थी. दोनों पंजाब के रहने वाले थे.

By Yogesh Kumar Sahu