नोएडा: मजदूर की हत्या के आरोप में ठेकेदार गिरफ्तार

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Mon, 11 Apr 2022 02:35 PM
नोएडा: मजदूर की हत्या के आरोप में ठेकेदार गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

नोएडा (उप्र). नोएडा के सेक्टर 113 क्षेत्र के सर्फाबाद गांव में पैसे मांगने को लेकर हुए विवाद में एक मजदूर की हत्या करने के मामले में पुलिस ने रविवार रात को आरोपी ठेकेदार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी का एक साथी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।

पुलिस आयुक्त आलोक ंिसह के प्रवक्ता ने बताया कि शुक्रवार की रात को सर्फाबाद गांव में उदयवीर मौर्य नामक व्यक्ति लहूलुहान अवस्था में मिला था। उसे उपचार के लिए नोएडा के जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इस मामले में मौर्य के मकान मालिक ने पुलिस में हत्या का मामला दर्ज करवाया था।

प्रवक्ता ने बताया कि मामले की जांच कर रहे सेक्टर 113 के थाना प्रभारी शरद कांत ने हत्या के मुख्य आरोपी ठेकेदार डालचंद को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला कि मौर्य ठेकेदार से अपनी मजदूरी के पैसे मांग रहा था। इसी बात को लेकर दोनों में विवाद हुआ था।

उन्होंने बताया कि आरोपी ने अपने साथी कमल के साथ मिलकर उसकी जमकर पिटाई की, जिसकी वजह से उसकी मौत हो गई। प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी को स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav