
रायपुर. मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज बेमेतरा विधानसभा के विकासखंड बेरला के ग्राम कठिया (रांका) में भेंट-मुलाकात कार्यक्रम में आम जनता को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार की योजनाओं से गरीबों के घर में अंजोर हो रहा है. गोधन न्याय योजना, राजीव गांधी किसान न्याय योजना, सुराजी गांव योजना, राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना, हाट बाजार क्लिनिक योजना से आम लोगों को लाभ हो रहा है. बघेल ने कहा कि हमारी सरकार का उद्देश्य आम आदमी के आय में वृद्धि करना है. योजनाएं इसी उदेश्य को ध्यान में रखकर बनाई जा रही हैं.
मुख्यमंत्री बघेल भेंट-मुलाकात में जब आम जनता से राज्य सरकार की योजनाओं पर फीडबैक ले रहे थे, तब आनंद गांव की रहने वाली लक्ष्मी बंजारे ने बताया कि उनके समूह जय स्व-सहायता समूह ने गौठान से जुड़कर वर्मी कंपोस्ट जैविक खाद बनाया. जिसे बेचकर अब तक 10 लाख 14 हजार रुपये की आमदनी हुई है. समूह में 10 महिला सदस्य हैं, सभी को एक-एक लाख रुपए की आमदनी हुई है. उन्होंने बताया कि जैविक खाद बेचकर समूह की महिलाएं परिवार और पति को सहयोग कर रही हैं. किसी ने टीवी खरीदी, किसी ने घर बनाने में मदद की, तो किसी ने अपने पति के लिए स्कूटी खरीदी है. इसे सुनकर मुख्यमंत्री ने कहा कि योजनाओं से गरीब के घर में अंजोर हो रहा है. भेंट-मुलाकात में आनंद गांव की रहने वाली 65 वर्षीय किमीना बंजारे ने बताया कि वर्मी कंपोस्ट बेचकर उन्होंने अपने पति के लिए मोटरसाइकिल खरीदी है और घर के लिए टीवी भी खरीदी है. उनकी बात सुनकर मुख्यमंत्री ने उन्हें बधाई दी.
मुख्यमंत्री ने की अनेक घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने भेंट-मुलाकात के दौरान क्षेत्र के विकास के लिए अनेक घोषणाएं की. उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत कुसमी को नगर पंचायत बनाया जायेगा मुख्यमंत्री ने कुसमी और रांका कठिया में स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल शुरू करने, जेवरा-अर्जुनी- बोरिया मार्ग का उन्नयन एवं नवीनीकरण करने तथा चौड़ीकरण कार्य की प्रशासकीय स्वीकृति देने, ग्राम रांका – कठिया में सामुदायिक भवन के निर्माण, ग्राम रांका- कठिया में हायर सेकेण्डरी स्कूल के भवन निर्माण और चना घेघरी घाट को प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान करने की घोषणा की.
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भेंट-मुलाकात में अपने सम्बोधन में कहा कि राज्य सरकार द्वारा आम जनता के हर वर्ग के लिए योजनाएं बनाई गई हैं. गौ-वंश के संरक्षण के लिए भी योजना बनाई गई है. किसान, आदिवासी तबके के लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाना सरकार का मुख्य उद्देश्य है. उन्होंने बताया कि प्रदेश के सभी वर्गों के लोगों को भरपेट भोजन का अधिकार मिल सके इसलिए सर्वभौम पीडीएस योजना बनाई गई है. हमारा पहला काम किसानों की ऋण माफी का था, जिसमें 19 लाख किसानों का ऋण माफ हुआ. मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अन्नदाता किसान के साथ है. हमारी सरकार ने किसानों के लिए राजीव गांधी किसान न्याय योजना लागू की. किसानों को इसकी चौथी किस्त 31 मार्च को मिलेगी.
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों को धान का मूल्य सबसे ज्यादा दे रही है. वादा 25 सौ का था लेकिन समर्थन मूल्य और इनपुट सब्सिडी को मिलाकर हम किसानों को 2640 और 2660 रुपए प्रति क्विंटल दे रहे हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की सुविधा के लिए धान खरीदी को आसान बनाया गया है. ऑनलाइन टोकन की व्यवस्था की गई हैं. मुख्यमंत्री ने इसके पहले भेंट-मुलाकात स्थल पर छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्वलित कर एवं राज्यगीत के साथ भेंट-मुलाकात कार्यक्रम की शुरुआत की. मुख्यमंत्री के साथ मंच में विधायक आशीष छाबड़ा सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित थे.
भेंट-मुलाकात के दौरान किसान खेदूराम ने मुख्यमंत्री को बताया कि उनकी 25 एकड़ जमीन है. उन्होंने समर्थन मूल्य पर धान बेचा है. राजीव गांधी किसान न्याय योजना का लाभ उन्हें मिल रहा है. उन्होंने कहा कि वे राजीव गांधी किसान न्याय योजना की चौथे किश्त का इंतजार कर रहे हैं. किसान खेदू राम ने बताया कि वह जैविक खेती करते हैं, इसके लिए घर की बाड़ी में ही जैविक खाद बनाते हैं. उनका सपना जैविक फसल को विदेश में बेचने का है. मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि धान के बदले अन्य फसल लेने पर किसान को राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत आदान सहायता राशि प्रति एकड़ 10 हजार रुपए दी जाती है. इसके लिए किसान को फसल परिवर्तन की जानकारी देनी होती है.
भेंट-मुलाकात में ग्राम चेटवा निवासी किसान देरहा राम ने बताया कि किसान कल्याण के लिए बनाई सभी योजनाएं अच्छी हैं. मेरे पास 2.50 एकड़ की जमीन है, इस पर लिया हुआ कर्ज माफ हो गया है. कठिया की रहने वाली यमुना ने मुख्यमंत्री को बताया कि उनका राशन कार्ड नहीं बना है. अपने मायके में ही आवास और राशन कार्ड बनवाना चाहती हैं. उनकी समस्या सुनकर मुख्यमंत्री ने पहले जगह में राशन कार्ड में दर्ज नाम को काटकर वर्तमान जगह से जोड़ने के निर्देश कलेक्टर को दिए. ग्राम रामपुर की रहने वाली शेष कुमारी देवांगन ने बताया उन्होंने 37 हजार रुपए का गोबर बेचकर पायल की खरीदी की है. शेष कुमारी ने योजना को बहुत अच्छी बताया और कहा कि अब गोबर का मोल बढ़ गया है. संतोषी पुरैना ने बताया कि उनका राशन कार्ड बना है. चावल, नमक और शक्कर प्रति माह मिलता है.
भेंट-मुलाकात में हाट बाजार क्लीनिक योजना के लाभार्थी दीनदयाल साहू ने बताया कि योजना से मुफ्त में उनका अच्छा इलाज हुआ है. मुख्यमंत्री ने उन्हें बताया कि राज्य सरकार की डॉ.खूबचंद बघेल स्वास्थ्य सहायता योजना है. इस योजना के तहत 5 लाख रुपए तक इलाज करा सकते हैं. राजीव युवा मितान क्लब के रूपलाल ने मुख्यमंत्री को बताया कि उनके क्लब में 28 सदस्य हैं. वे सभी सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग ले रहे हैं.



