मालकानगिरि. ओडिशा की जनजातीय संस्कृति, परंपरा और गौरवशाली इतिहास को सम्मान देने के उद्देश्य से मालकानगिरि में राज्यस्तरीय जनजातीय गौरव दिवस उत्साह और भव्यता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और महान स्वतंत्रता सेनानी तथा जनजातीय समाज के महानायक भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित की। समारोह में प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से हजारों आदिवासी महिला-पुरुषों, युवाओं और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय समाज के संघर्ष, बलिदान और सांस्कृतिक गौरव को स्वीकार किए बिना भारत का इतिहास अधूरा है। आदिवासी समुदाय ने देश की स्वतंत्रता, संस्कृति और सामाजिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में ऐतिहासिक योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय समाज के सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक विकास के साथ उनके मौलिक अधिकारों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।
जनजातीय बच्चों की शिक्षा और आजीविका पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान, मुख्यमंत्री जनजातीय आजीविका मिशन 2.0 और एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय जैसी योजनाओं के माध्यम से जनजातीय समुदाय के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास किया जा रहा है। इन योजनाओं से जनजातीय बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, उच्च शिक्षा और आत्मनिर्भर बनने के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज का सर्वांगीण विकास तभी संभव है, जब शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
‘समर्पण’ और ‘जनजातीय गौरव’ पुस्तकों का विमोचन
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने जनजातीय समाज के संघर्ष, गौरवशाली इतिहास, उपलब्धियों और सांस्कृतिक विरासत पर आधारित दो विशेष पुस्तकों ‘समर्पण’ और ‘जनजातीय गौरव’ का विमोचन किया। इन पुस्तकों के माध्यम से जनजातीय समाज के ऐतिहासिक योगदान और उनके संघर्षों को व्यापक स्तर पर सामने लाने का प्रयास किया गया है।
मालकानगिरि में विकास परियोजनाओं की सौगात
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मालकानगिरि जिले के लिए कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया तथा नई योजनाओं की आधारशिला रखी। इनमें मदकामिगुड़ा आश्रम स्कूल में 1.91 करोड़ रुपये की लागत से 50 सीटों वाले छात्रावास का निर्माण प्रमुख है।
इन विकास कार्यों से बोंडा, दिदायी और स्वाभिमान अंचल के लोगों को शिक्षा एवं बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में लाभ मिलने की उम्मीद है। विशेष रूप से दूरस्थ और जनजातीय बहुल क्षेत्रों में शिक्षा के अवसर बढ़ाने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
मंत्रियों, विधायकों और अधिकारियों की रही मौजूदगी
राज्यस्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री के साथ मंत्रिमंडल के कई सदस्य, स्थानीय विधायक और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जनजातीय विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस आयोजन के माध्यम से राज्य सरकार ने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष और जनजातीय समाज के ऐतिहासिक योगदान को सम्मान देने के साथ-साथ उनके सामाजिक एवं आर्थिक विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
छठ महापर्व पर घाटों पर उमड़ी आस्था की भीड़
भुवनेश्वर. लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पर रविवार को ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर सहित कटक और आसपास के इलाकों में श्रद्धा एवं भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य देने के लिए शाम होते ही नदियों और जलाशयों के तटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पारंपरिक वेशभूषा में सजी छठव्रती महिलाएं सिर पर पूजा की टोकरी और सूप में फल, ठेकुआ, नारियल तथा अन्य पूजन सामग्री लेकर घाटों पर पहुंचीं। चारों ओर छठी मैया के जयकारे और पारंपरिक छठ गीतों की गूंज से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
राजधानी भुवनेश्वर में कुआखाई नदी के तट पर छठ पूजा के लिए विशेष उत्साह देखने को मिला। वहीं, कटक में महानदी के तट पर हजारों श्रद्धालुओं ने एकत्रित होकर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। छठव्रतियों के साथ परिवार के सदस्य और बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु भी इस पावन अवसर के साक्षी बने। घाटों पर आस्था, अनुशासन और सामूहिक भक्ति का अनूठा संगम दिखाई दिया।
अर्घ्य देकर मांगी परिवार की खुशहाली
छठव्रतियों ने डूबते सूर्य की अंतिम किरणों के बीच नदी और जलाशयों में खड़े होकर विधि-विधान से अर्घ्य अर्पित किया। सूप में सजे मौसमी फल, गन्ना, नारियल, ठेकुआ और अन्य प्रसाद के साथ सूर्यदेव की आराधना की गई। व्रतियों ने परिवार की सुख-शांति, संतान की लंबी आयु, अच्छे स्वास्थ्य और समृद्धि के लिए छठी मैया से प्रार्थना की। इस दौरान घाटों पर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं।
संभावित बाढ़ से निपटने के लिए सरकार अलर्ट
भुवनेश्वर। दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की चेतावनी के मद्देनजर ओडिशा सरकार ने संभावित भारी बारिश और बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। जल संसाधन विभाग ने एहतियाती कदम उठाते हुए बाढ़ प्रबंधन की रणनीति, जलाशयों की स्थिति और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की।
बैठक वर्चुअल माध्यम से जल संसाधन विभाग के इंजीनियर-इन-चीफ, इंजीनियर-इन-चीफ (प्लानिंग एंड डिजाइनिंग) तथा इंजीनियर-इन-चीफ (स्कीम्स एंड मॉनिटरिंग) की अध्यक्षता में हुई। इसमें रुषिकुल्या, बाहुड़ा, वंशधारा और नागावली (आरबीवीएन) नदी बेसिन के मुख्य अभियंता, अतिरिक्त मुख्य अभियंता तथा संबंधित सभी अधीक्षण अभियंताओं ने भाग लिया।
बैठक में जलाशयों के समुचित प्रबंधन, संभावित बारिश के पूर्वानुमान तथा नदियों और जलाशयों में जलप्रवाह बढ़ने की स्थिति में आवश्यक कदम उठाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
चक्रवात ‘अर्णव’ के बाद जलाशयों में बढ़े जल संग्रहण की स्थिति की भी विशेष रूप से समीक्षा की गई। इस दौरान गंजाम जिले के आठ और गजपति जिले के दो मध्यम जलाशयों में बढ़े जलस्तर का आकलन किया गया।
वर्तमान जल संग्रहण की स्थिति और मौसम के बदले हुए पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए आगामी मौसमी परिस्थितियों से निपटने के लिए मानक संचालन प्रक्रिया को भी अंतिम रूप दिया गया। इसके तहत जलस्तर की लगातार निगरानी, विभिन्न डिवीजनों के बीच बेहतर समन्वय तथा संभावित बाढ़ के खतरे को कम करने के लिए समय पर आवश्यक निर्णय लेने पर विशेष जोर दिया गया।
जनजातीय समाज को मुख्यधारा में सम्मानजनक भागीदारी दिलाना राष्ट्रीय जिम्मेदारी : डॉ स्वदेश
भुवनेश्वर। भाजपा के राष्ट्रीय सचिव एवं ओडिशा भाजपा के सह-प्रभारी डॉ स्वदेश सिंह ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके संघर्ष, त्याग और समाज के प्रति योगदान को स्मरण किया।
इस अवसर पर डॉ सिंह ने बिरसा मुंडा छात्रावास के विद्यार्थियों तथा जनजातीय समाज के अन्य गणमान्य लोगों से संवाद किया। इस दौरान भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, बलिदान, जनजातीय अस्मिता की रक्षा और समाज के उत्थान में उनके योगदान पर विचार-विमर्श किया गया।
डॉ स्वदेश सिंह ने सोशल मीडिया पर अपने संदेश में कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जिस समाज के स्वाभिमान, अधिकार और सम्मान के लिए संघर्ष किया था, उस समाज को विकास की मुख्यधारा में सम्मानजनक भागीदारी दिलाना आज हमारी राष्ट्रीय जिम्मेदारी है।
डॉ सिंह ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन और संघर्ष को जनजातीय समाज के स्वाभिमान, अधिकारों और सामाजिक उत्थान की प्रेरणास्रोत बताते हुए उनके आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया।